Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सुदर्शन के निधन पर भाजपा ने जताया शोक

हमें फॉलो करें सुदर्शन के निधन पर भाजपा ने जताया शोक
नागपुर/नई दिल्ली , शनिवार, 15 सितम्बर 2012 (17:52 IST)
FILE
आरएसएस के पूर्व प्रमुख केएस सुदर्शन को महान विचारक और दूरदर्शी बताते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि उनके निधन से संघ की शीर्ष पंक्ति में उत्पन्न शून्य को भरना मुश्किल होगा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने नागपुर में कहा कि सुदर्शन का निधन परिवार के लिए बड़ा झटका है। वे एक दृढ़ राष्ट्रवादी थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देशसेवा में समर्पित किया और आरएसएस के नेटवर्क के प्रचार-प्रसार तथा विस्तार में उल्लेखनीय योगदान दिया।

गडकरी ने कहा कि उनके निधन से आरएसएस की शीर्ष पंक्ति में उत्पन्न शून्य को भरना मुश्किल होगा। उनके निधन से संघ परिवार में एक युग का अवसान हो गया है।

सुदर्शन का अंतिम संस्कार रविवार को नागपुर में किया जाएगा और इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली और भाजपाशासित राज्यों के नेताओं के उपस्थित रहने की उम्मीद है।

सुषमा स्वराज ने ट्विटर पर लिखा कि वे भाग्यशाली हैं कि उन्हें आरएसएस के पूर्व प्रमुख का मार्गदर्शन मिला। पूर्व सरसंघचालक सुदर्शन आज सुबह नहीं रहे। मैं भाग्यशाली हूं कि उनसे मुझे मार्गदर्शन और स्नेह मिला।

सुदर्शन के प्रति सम्मान जताते हुए सुषमा ने कहा, उनका निधन एक निजी क्षति है। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करती हूं। पूर्व सरसंघचालक सुदर्शन का आज सुबह रायपुर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

बेंगलुरु में कर्नाटक के मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर ने सुदर्शन के निधन पर शोक व्यक्त किया। अपने संदेश में शेट्टर ने कहा, मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले सुदर्शन ने अपना पूरा जीवन आरएसएस की गतिविधियों के लिए समर्पित कर दिया।

वे अपने अनुशासन और दक्षता के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से राज्य ने एक महान देशभक्त और एक उत्कृष्ट समाजसेवक खो दिया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।

उप मुख्यमंत्री और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष केएस ईश्वरप्पा ने सुदर्शन को हम सबका मार्गदर्शक बताया। उन्‍होंने कहा, सुदर्शन के निधन से देश ने एक ऐसे व्यक्ति को खोया है, जिसने हमेशा समाज के लिए काम किया और हमेशा समाज के बारे में सोचा। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi