Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सोनिया गांधी ने रचा इतिहास, कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में 15 साल

हमें फॉलो करें सोनिया गांधी ने रचा इतिहास, कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में 15 साल
नई दिल्ली , गुरुवार, 14 मार्च 2013 (08:13 IST)
FILE
नई दिल्ली। सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में 15 साल पूरे किए जो 127 साल पुरानी इस पार्टी के इतिहास में एक रिकॉर्ड है। छियासठ वर्षीय सोनिया के राजनीतिक करियर में मई 2004 अहम मोड़ था जब उन्होंने गठबंधन के रास्ते कांग्रेस को केंद्र में सफलतापूर्वक सत्ता तक पहुंचाया।

सत्ता मिलने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री का पद अस्वीकार कर दिया और अर्थशास्त्री से नेता बने मनमोहन सिंह का नाम देश के इस कार्यकारी शीर्ष पद के लिए आगे कर दिया।

उन्होंने मार्च, 1998 में कांग्रेस की बागडोर संभाली थी। उससे पहले उसी साल लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बहुत खराब रहा था और दिवंगत नेता सीताराम केसरी को कांग्रेस अध्यक्ष से हटना पड़ा था।

वर्ष 1998 में निरूत्साहित और विभाजित कांग्रेस बहुत ही खराब दौर से गुजर रही थी और कुछ ही राज्यों में उसकी सरकार थी।

सोनिया तब से इस पद पर सर्वसम्मति से निर्वाचित होती रही। बस वर्ष 2000 इसका अपवाद रहा जब उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र प्रसाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में उतरे लेकिन वह बुरी तरह हार गए।

बतौर कांग्रेस अध्यक्ष यह सोनिया गांधी का चौथा कार्यकाल है। इस कार्यकाल के लिए वर्ष 2010 में वह निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। उनका कार्यकाल वर्ष 2015 में समाप्त हो रहा है।

दरअसल पार्टी संविधान में बदलाव किया गया है जिसके मुताबकि अब तीन साल के बजाय पांच साल पर संगठनात्मक चुनाव की व्यवस्था है।

बतौर कांग्रेस अध्यक्ष 15 साल पूरे करने पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने कहा ‍कि कांग्रेस अध्यक्ष की विवेकपूर्ण और समझदार नेतृत्व से न केवल पार्टी मजबूत हुई बल्कि भारत के विचार के मूल तत्वों को परिपक्व बनाया।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता कर्ण सिंह ने कहा कि जब सोनिया गांधी ने कांग्रेस की कमान संभाली थी तब पार्टी की स्थिति अच्छी नहीं थी। लोग पार्टी छोड़कर जा रहे थे। सोनियाजी ने उस समय जिम्मेदारी संभाली। उसके बाद भी कुछ लोग चले गए लेकिन उससे पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ा।

सिंह ने वर्ष 2004 में लोकसभा में 150 सीटों के साथ जीत दिलाने और वर्ष 2009 में फिर दूसरी बार 205 सीटों के साथ विजय दिलाने को सोनिया गांधी का चमत्कार बताया।

उन्होंने कहा कि मैं 15 साल पूरे करने पर उन्हें बधाई देता हूं और मुझे लगता है कि किसी अन्य कांग्रेस अध्यक्ष ने 15 साल का कार्यकाल पूरा नहीं किया।

केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि देशभर के हम कांग्रेस नेता उन्हें बधाई देते हैं। भारत को उनके द्वारा प्रदत्त महान नेतृत्व मिला है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi