Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

सोनिया बनीं विश्‍व की तीसरी सबसे ताकतवर महिला

हमें फॉलो करें सोनिया बनीं विश्‍व की तीसरी सबसे ताकतवर महिला
न्यूयॉर्क , बुधवार, 30 अक्टूबर 2013 (23:15 IST)
FILE
न्यूयॉर्क। फोर्ब्‍स पत्रिका की दुनिया के ताकतवर लोगों की सूची में शामिल महिलाओं में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तीसरे नंबर पर हैं। हालांकि पत्रिका की दुनिया के ताकतवर लोगों की सूची में सोनिया गांधी 21वें स्थान पर हैं।

जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल तथा ब्राजील की राष्ट्रपति दिल्मा रौसेफ ही ताकतवर महिलाओं में 66 वर्षीय सोनिया गांधी से आगे हैं। इस सूची में 72 राजनीतिज्ञों, राष्ट्र प्रमुखों तथा दिग्गज उद्योगपतियों को स्थान दिया गया है।

यही नहीं सोनिया इस सूची में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भी ऊपर हैं। सिंह इस सूची में सोनिया से सात पायदान नीचे हैं। दुनिया की 100 ताकतवर महिलाओं की अलग से जारी सूची में फोर्ब्‍स ने सोनिया को नौवें स्थान पर रखा है।

फोर्ब्‍स की वेबसाइट पर सोनिया के बारे में लिखा है कि कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाले देश के सत्ताधारी दल की अगुवाई करती हैं। इसमें लिखा है, सोनिया तथा मृदुभाषी मनमोहन सिंह के बीच मतभेदों की अफवाहें हैं और बहुत से लोगों को लगता है कि सिंह 2014 के आम चुनाव से पहले ही पद छोड़ देंगे।

फोर्ब्‍स की सूची में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन शीर्ष पर हैं। ताकतवर लोगों की सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को दूसरे स्थान पर रखा गया है।

पत्रिका ने कहा है, इस साल रूस के राष्ट्रपति पुतिन को दुनिया के सबसे प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में चुना गया है। वे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से एक पायदान ऊपर हैं जो 2012 में इस सूची में शीर्ष पर थे।

इस साल फोर्ब्‍स की सूची में 17 ऐसे राष्ट्राध्यक्ष हैं जिनका कुल सकल घरेलू उत्पाद 48000 अरब डॉलर है। वहीं सूची में 27 सीईओ या उद्योग जगत के दिग्गज हैं जिनकी कंपनियों का सालाना कारोबार 3000 अरब डॉलर है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi