Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सोढ़ी को खेल रत्न, विराट को अर्जुन पुरस्कार

हमें फॉलो करें सोढ़ी को खेल रत्न, विराट को अर्जुन पुरस्कार
नई दिल्ली , शनिवार, 31 अगस्त 2013 (21:06 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने यहां राष्ट्रपति भवन में भव्य कार्यक्रम में मशहूर निशानेबाज रंजन सोढ़ी और स्टार क्रिकेटर विराट कोहली सहित खिलाड़ियों तथा कोचों को खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया
PIB

लगातार दो बार विश्वकप और 2010 के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सोढ़ी को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस पुरस्कार के तहत एक पदक, समारोह की पोशाक, प्रमाण पत्र और साढ़े सात लाख रुपए नकद दिए जाते हैं। सोढ़ी खेल रत्न पुरस्कार से नवाजे जाने वाले सातवें निशानेबाज बन गए।

रोचक तथ्य यह है कि लगातार तीसरे साल खेल रत्न किसी निशानेबाज को दिया गया। 2011 में यह पुरस्कार गगन नारंग जबकि पिछले साल विजय कुमार को दिया गया था।

जब डबल ट्रैप निशानेबाज सोढ़ी के नाम की सिफारिश खेल रत्न पुरस्कार के लिए की गई तो इस पर विवाद पैदा हो गया था क्योंकि पैनल के कुछ सदस्यों ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। पिछले साल लंदन ओलंपिक में उनका प्रदर्शन काफी खराब रहा था।

रंजीत महेश्वरी को नहीं मिला अर्जुन पुरस्कार... अगले पन्ने पर...


webdunia
PIB
पुरस्कारों के ठीक पहले हालांकि नाटकीय घटनाक्रम के तहत त्रिकूद एथलीट रंजीत महेश्वरी का अर्जुन पुरस्कार रोक लिया गया क्योंकि उनके डोपिंग में दोषी पाए जाने की खबरें सामने आईं थीं।

चक्का फेंक एथलीट कृष्णा पूनिया और लंदन परालम्पिक के रजत पदक विजेता एचएन गिरिशा पुरस्कार सूची में अपना नाम नहीं होने से नाराज थे, इससे विवाद खड़ा हो गया था। इसी कारण खेल मंत्रालय ने पुरस्कार विजेताओं की सूची इस बार देर से जारी की।

युवा क्रिकेटर कोहली सहित 14 खिलाड़ियों ने राष्ट्रपति के हाथों अर्जुन पुरस्कार और पांच कोचों ने द्रोणाचार्य पुरस्कार प्राप्त किए। विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एकल बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी अर्जुन पुरस्कार के लिए सूची में शामिल हैं, हालांकि वे समारोह में उपस्थित नहीं हो सकीं।

अब तक 11 टेस्ट मैचों में 1175 रन और 113 वनडे में 4575 रन बनाने वाले कोहली समारोह में आकर्षण का केंद्र रहे। वे अर्जुन पुरस्कार हासिल करने वाले 46वें क्रिकेटर हैं। पिछले साल युवराज सिंह जबकि उससे पहले साल जहीर खान को इस पुरस्कार से नवाजा गया था।

अर्जुन पुरस्कार हासिल करने वाले अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में युवा गोल्फर गगनजीत भुल्लर, स्क्वॉश में देश की नंबर एक महिला खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और हॉकी खिलाड़ी सबा अंजुम शामिल हैं। इन पुरस्कारों में सिर्फ एक मुक्केबाज कविता चाहल शामिल हैं, जिन्होंने विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था।

अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को अर्जुन की प्रतिमा, प्रमाण पत्र, समारोह की पोशाक और पांच लाख रुपए नकद राशि दी गई। पांच कोचों को गुरु द्रोणाचार्य की मूर्ति, प्रमाण पत्र, समारोह की पोशाक और पांच लाख रुपए की राशि दी गई। ध्यानचंद पुरस्कार में प्रमाण पत्र, समारोह की पोशाक और पांच लाख रुपए नकद राशि शामिल है।

इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कार वितरण समारोह 29 अगस्त के बजाय 31 अगस्त को आयोजित किया गया क्योंकि पहली वाली तिथि के दिन खेलमंत्री जितेंद्र सिंह उपलब्ध नहीं थे। अमूमन खेल पुरस्कार महान हॉकी खिलाड़ी ध्यानचंद के जन्मदिन 29 अगस्त को वितरित किए जाते हैं जिसे राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची, अगले पन्ने पर...


पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है।

राजीव गांधी खेल रत्न : रंजन सोढ़ी
अर्जुन पुरस्कार, विराट कोहली (क्रिकेट), चेक्रोवोलु स्वुरो (तीरंदाज), पीवी सिंधु (बैडमिंटन), कविता चाहल (मुक्केबाजी), रूपेश शाह (स्नूकर), अभिजीत गुप्ता (शतरंज), गगनजीत भुल्लर (गोल्फ), सबा अंजुम (हॉकी), राजकुमारी राठौड़ (निशानेबाजी), जोशना चिनप्पा (स्‍कवॉश), मौमा दास (टेबल टेनिस, नेहा राठी (कुश्ती), धर्मेंद्र दलाल (कुश्ती) और अमित कुमार सरोहा (पैराखेल)।
webdunia
PIB

द्रोणाचार्य पुरस्कार : पूर्णिमा महतो (तीरंदाजी), महावीर सिंह (मुक्केबाजी), नरिंदर सिंह सैनी (हॉकी), केपी थामस (एथलेटिक्स), राज सिंह (कुश्ती) ध्यानचंद पुरस्कार : मैरी डि सूजा (एथलेटिक्स), सैयद अली (हॉकी), अनिल मान (कुश्ती), गिरिराज सिंह (पैरा खेल)। 'राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार' युवा खिलाड़ियों की पहचान और उन्हें तैयार करने के लिए दिया जाने वाला पुरस्कार राष्ट्रीय खेल अकादमी इलाहाबाद के संस्थापक और अध्यक्ष डॉ. यूके मिश्रा को दिया जाएगा।

खेल में विशिष्ट उपलब्धि के लिए वित्तीय सहायता, सेना खेल संवर्धन बोर्ड, खेल अकादमी की स्थापना और प्रबंधन के लिए पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी, हैदराबाद। खिलाड़ियों को रोजगार और खेल कल्याण कार्य के लिए पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड। (भाषा)

हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi