Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

कांग्रेस ने मोदी को अहंकार में चूर बताया

हमें फॉलो करें कांग्रेस ने मोदी को अहंकार में चूर बताया
नई दिल्ली , गुरुवार, 24 अप्रैल 2014 (21:55 IST)
FILE
नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ‘अहंकार से चूर’ हो गए हैं और सुनामी की ही तरह तबाही और मातम लाएंगे। कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा की यह प्रतिक्रिया मोदी की उस टिप्पणी पर आई है जिसमें उन्होंने कहा कि ईश्वर ने उन्हें देश को बचाने के लिए चुना है।

कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा ने गुजरात के मुख्यमंत्री का उपहास करते हुए कहा, हमें 16 मई का इंतजार क्यों करना चाहिए। अब 12 करोड वोटर क्या कर सकते हैं। यदि भगवान उन्हें पहले ही चुन चुके हैं तो हम मतदान की प्रक्रिया क्यों कर रहे हैं।

मोदी ने बुधवार को प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन मांगते हुए कहा था कि संप्रग द्वारा की गई गडबडियों से देश को बचाने के लिए उन्हें ईश्वर ने चुना है और उन्हें यह कठिन लक्ष्य पूरा करने के लिए जनता के आशीर्वाद की जरूरत है।

शर्मा ने कहा, उन्होंने कहा था कि देश का नेतृत्व करने के लिए ईश्वर ने उन्हें चुना है। अब मतदाता उन्हें नहीं चुनेंगे.. वह किसी रोग का शिकार हैं.. यह अहंकारोन्माद चिन्ता की बात है। उन्होंने कहा कि मोदी खुद ही ऐसी बात कह रहे हैं और खुद को भगवान मान रहे हैं, ये और अधिक चिन्ताजनक है।

शर्मा ने हैरत जताते हुए कहा कि क्या भारत जैसे महान गणराज्य में कोई ऐसा व्यक्ति प्रधानमंत्री बनेगा जो हमेशा मैं मैं और मैं कहता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने मोदी के निकट सहयोगी अमित शाह द्वारा मोदी की सुनामी की बात करने को लेकर उन्हें भी निशाने पर लिया।

शर्मा ने कहा कि सुनामी केवल तबाही और मातम ला सकता है। अमित शाह ने जो कुछ भी कहा है, वह अनिष्टकारी है। हमें चिन्तित होना चाहिए। महिलाओं के प्रति अपराध को लेकर मोदी और भाजपा पर निशाना साधते हुए शर्मा ने आरोप लगाया कि इस संबंध में भाजपा शासित गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ का प्रदर्शन काफी खराब है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए जबकि जहां तक दोष साबित होने का प्रश्न है, गुजरात राज्यों की सूची में 20वें नंबर पर है। शर्मा ने मोदी की इस टिप्पणी के लिए भी उनकी आलोचना की कि वह बदला लेंगे क्योंकि कांग्रेस ने सरदार पटेल तक का अपमान किया है।

उन्होंने कहा कि मोदी के ये शब्द उनका अतीत बताते हैं, उनके काम करने के तरीके और व्यक्तित्व के बारे में बताते हैं। उनमें काफी अहंकार है और वह हमेशा नाराज एवं अभिमानी दिखते हैं। कांग्रेस और सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के नेतृत्व पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा था कि वह पाई-पाई और एक-एक मिनट के लिए उनकी जवाबदेही तय करेंगे।

मोदी ने गुजराती भाषा में एक रैली के दौरान कथित रूप से कहा था, आप सारी सीमाएं लांघ चुके हैं। आपने तो सरदार पटेल तक का अपमान किया। मैं बदला लूंगा .. मैं पाई-पाई और एक-एक मिनट की जवाबदेही लूंगा। आपकी सीबीआई किसी भी तरह मेरा नुकसान नहीं कर पाएगी। 20 दिन और बाकी हैं। मेरा जितना उत्पीडन कर सकते हैं, कीजिए, मैं अभी भी युद्ध के मैदान में हूं। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi