Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भारतीय मूल के कारोबारी संत सिंह चटवाल दोषी

हमें फॉलो करें भारतीय मूल के कारोबारी संत सिंह चटवाल दोषी
न्यूयॉर्क , शुक्रवार, 18 अप्रैल 2014 (09:55 IST)
न्यूयॉर्क। भारतीय मूल के अमेरिकी होटल कारोबारी संत सिंह चटवाल ने संघीय चुनाव कानूनों का उल्लंघन करने के लिए यहां की अदालत में अपना गुनाह कबूल कर लिया। वह गुनाह कबूलने को लेकर हुए समझौते के तहत अमेरिका को 10 लाख डॉलर देंगे।

कार्यवाहक अमेरिकी सहायक अटॉर्नी जनरल डेविड ओ नील ने कहा कि चटवाल ने स्वीकार किया कि उन्होंने राजनीतिक प्रचार अभियान के लिए गुप्त रूप से धन मुहैया कराने के लिए स्ट्रॉ डोनर (ऐसा व्यक्ति जो अवैध रूप से दूसरे के धन को राजनीतिक चंदा के रूप में अपने नाम से दिलवाता है) का इस्तेमाल किया ताकि वह नेताओं तक पहुंच हासिल कर सकें और दूसरे व्यक्ति को अपने अपराध को छिपाने के लिए मजबूर किया।

70 वर्षीय चटवाल ने साल 2008 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए बराक ओबामा के खिलाफ पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के प्रचार अभियान के लिए कम से कम एक लाख डॉलर जुटाए थे।

उन्होंने न्यूयॉर्क के पूर्वी जिला अदालत में संघीय चुनाव प्रचार अधिनियम का उल्लंघन करने की साजिश और गवाहों को प्रभावित करने का गुनाह कबूला। उन्होंने संघीय प्रचार स्ट्रॉ डोनर के माध्यम से तीन उम्मीदवारों को संघीय प्रचार चंदा में एक लाख 80 डॉलर से अधिक की राशि दिलवाई थी। उन स्ट्रॉ डोनरों को बाद में उनकी राशि वापस कर दी गई थी।

संघीय अभियोजकों ने कहा कि इस बात के कोई आरोप नहीं हैं कि उम्मीदवारों ने इसमें हिस्सा लिया था या उन्हें चटवाल की योजना की जानकारी थी।

सरकार के साथ गुनाह कबूलने को लेकर हुए समझौते के तहत उन्होंने अपनी 10 लाख डॉलर राशि अमेरिका द्वारा जब्त कर लिए जाने पर सहमति जताई। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi