Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

अस्मत की खातिर लॉज से कूदी विदेशी युवती

हमें फॉलो करें अस्मत की खातिर लॉज से कूदी विदेशी युवती
आगरा , मंगलवार, 19 मार्च 2013 (23:54 IST)
FILE
आगरा। मध्यप्रदेश में स्विस युवती से गैंगरेप की घटना अभी सुर्खियों में है, इसी बीच ताज नगरी आगरा में एक ब्रिटिश युवती ने अपनी इज्जत बचाने के लिए होटल से छलांग लगा दी। इस हादसे में युवती के पांव में चोट आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लंदन निवासी 31 वर्षीय जैसिका क्लेयर पेशे से दंत चिकित्सक है और वह भारत घूमने आई थी। उसने ईदगाह स्थित आगरा महल होटल में एक कमरा बुक कराया था। आगरा से उसे जयपुर के लिए रवाना होना था। ब्रिटिश युवती का आरोप है कि उसके साथ होटल के ही एक कर्मचारी ने छेड़छाड़ की। कर्मचारी का नाम सचिन चौहान निवासी बागपन लून बताया जा रहा है।

जैसिका के विरोध करने के चलते एक बार तो वह कर्मचारी वापस चला गया, लेकिन कुछ समय बाद वह फिर लौटा और उसका कमरा खुलवाने लगा। उसके हाथ में दो शराब की बोतलें भी थीं। डरी-सहमी जैसिका को जब कुछ उपाय नहीं सूझा तो उसने होटल के कमरे से छलांग लगा दी।

जैसिका के मुताबिक उसे मंगलवार को जयपुर जाना था और वहां से 22 मार्च को चीन के लिए रवाना होना था। उसने आरोप लगाया कि होटल कर्मचारियों ने उसे पुलिस थाने जाने से भी रोकने की कोशिश की।

होटल को किया सीज : विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित छेड़छाड़ मामले में ईदगाह स्थित आगरा महल होटल को सीज कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) पवन कुमार ने बताया कि मामले की पूछताछ करके होटल मालिक सचिन चौहान के ऊपर बलात्कार का प्रयास करने पर मुकदमा की धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। बताया जाता है कि कूदने से महिला के पैरों में चोट आई है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi