Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

केन्द्र में तीसरे मोर्चे की सरकार ही बनना तय

हमें फॉलो करें केन्द्र में तीसरे मोर्चे की सरकार ही बनना तय

अरविन्द शुक्ला

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि देश की आज जो राजनीतिक स्थिति है, उसमें तीसरे विकल्प की सम्भावनाएं प्रबल हैं। इस विकल्प में समाजवादी पार्टी की बड़ी भूमिका तय है क्योंकि यह सबसे बड़ी पार्टी है और प्रदेश में भी इसकी बहुमत की सरकार है। इस बार लोकसभा चुनावों के बाद न तो भाजपा की सरकार बनेगी और नहीं कांग्रेस की। तीसरे मोर्चे की सरकार ही बनना तय है।
WD


दिल्ली में समाजवादी पार्टी की निर्णायक भूमिका के लिए ज्यादा से ज्यादा समाजवादी पार्टी के सांसदों की जीत जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी इतिहास रचते है। रायबरेली से तत्कालीन प्रधानमंत्री को समाजवादी राजनारायण ने ही पराजित किया था। जोखिम उठाने की समाजवादी पार्टी के इस चरित्र की वजह से प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ, अब केन्द्र की बारी है।

यादव ने पार्टी पदाधिकारियों का आव्हान किया कि वे अर्जुन की तरह चिड़िया की आंख की पुतली यानी दिल्ली की गद्दी पर अपना निशाना रखें। समाजवादी पार्टी की दिल्ली में सरकार बनेगी तो महंगाई खत्म होगी, समाज के वंचितों को और कमजोर वर्ग को न्याय मिलेगा।

मुलायम सिंह यादव आज यहां पार्टी मुख्यालय में समाजवादी पार्टी के सांसदों, विधायकों, लोकसभा प्रत्याशियों, प्रभारियों, जिला पंचायत अध्यक्षों, जिला/महानगर अध्यक्षों तथा प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद श्रीमती डिम्पल यादव तथा मंत्रीगण मो.आजम खान, अहमद हसन, शिवपाल सिंह यादव, बलराम यादव, अम्बिका चौधरी, राजेन्द्र चौधरी, रामगोविन्द चौधरी, अवधेश प्रसाद, पारसनाथ यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, कैलाश यादव, राजकिशोर सिंह, अरिदमन सिंह, शिव कुमार बेरिया, राम आसरे विश्वकर्मा, गायत्री प्रसाद प्रजापति, नरेश अग्रवाल, रामजी लाल सुमन, डॉ सीपी राय, नरेश उत्तम, सुनील यादव, राजपाल कश्यप, राजकिशोर मिश्र, डॉ. केसी पाण्डेय, नफीस अहमद, अतुल प्रधान उपस्थित थे।

यादव ने कहा कि जब हमारी बहुमत की सरकार नहीं थी तब हमने 39 सीटें जीती थी आज तो हमारी स्पष्ट बहुमत की सरकार है। जनता को ऐसी सुविधाएं कहीं नहीं दी गई है जैसा कि उत्तर प्रदेष में समाजवादी पार्टी सरकार ने दी हैं। यादव ने कहा कि देश के कई दल भी उम्मीद करते है कि इस बार समाजवादी पार्टी ज्यादा सीटें जीतकर आएगी और वे उसका साथ देगें।

राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता प्रो. राम गोपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के खिलाफ साजिशें हो रही हैं। सांप्रदायिक ताकतें कहीं भी गड़बड़ी कर सकती थी किन्तु समाजवादी पार्टी की रैलियों में भारी भीड़ देखकर उनके हौसंले पस्त गए हैं। देशभर में एक व्यक्ति विशेष को बहुत भाव दिया जा रहा था लेकिन आजमगढ़, मैनपुरी और बरेली की रैलियों के बाद लोग समाजवादी पार्टी की ताकत को मानने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि जिन्हें प्रत्याशी घोषित किया गया है, उनकी मदद सभी को मिलकर करनी चाहिए। उन्होंने कहा चुनाव तैयारी की समीक्षा से स्पष्ट है कि अभी इसमें और ज्यादा तेजी तथा काम की जरूरत है। यादव ने घोषणा की कि आगामी 14 दिसम्बर को लखनऊ में होनेवाली सामाजिक न्याय रैली स्थगित कर दी गई है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अब 120 दिन रह गए है। सरकार अपना काम कर रही है। उसकी उपलब्धियां की दूसरे सूबे की सरकारें भी नकल करने को बाध्य हैं। इन जनहितकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाना चाहिए। राज्य में बहुमत की सरकार है। इससे अच्छा मौका और कभी नहीं मिलेगा। बिजली उत्पादन के लिए ललितपुर और इलाहाबाद में बिजलीघर लग रहे है। घोषणा पत्र को समयबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को एकजुटता के साथ जिताने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा अभी जो ताकतें टीवी और प्रिंट मीडिया में दिख रही है, वे ज्यादा दिन टिकनेवाली नहीं है। हमें संगठन के स्तर पर ऐसी तैयारी करनी है कि जनता के बीच समाजवादी पार्टी के पक्ष में अनुकूल राय और माहौल बन सके।

मंत्री मो.आजम खान ने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों ने हमें चुनौती दी है। ऐसे में हमें अपना लक्ष्य तय कर लेना है। हम दुविधा में नहीं रहें। हमारा रास्ता धर्मनिरपेक्षता का है सांपद्रायिकता का नहीं। फासिस्ट ताकतों की चुनौती का सामना करते हुए समाजवादी पार्टी की बरेली रैली की विशालता ने साबित कर दिया कि जनता किसके साथ है। भाजपाई मुस्कराकर मिलें तो भी इन पर विश्वास नहीं करना, ये साजिशकर्ता लोग है।

उन्होंने कहा कि जहां दूसरे दलों की सरकारें हैं, वहां के लोग भी मुलायम सिंह को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे देखना चाहते हैं। वही ऐसे शख्स हैं जो धर्म से ऊपर देश को मानते है। वही सामाजिक न्याय दिलाने में सक्षम है और जो कमजोर हैं, उनका उन्हीं पर विश्वास है।

आजम खान ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में दिल्ली पर कब्जे के ऐतिहासिक लक्ष्य को प्राप्त करना संभव है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय,स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन तथा हिन्दी संस्थान के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने भी अपने सम्बोधन में सन्‌ 2014 के चुनावों में समाजवादी पार्टी को भारी जीत दिलाकर मुलायम सिंह यादव को प्रधानमंत्री पद पर बिठाने का आव्हान किया।

हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi