Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

नरेन्द्र मोदी- महंगाई पर चुप क्यों हैं सोनिया

हमें फॉलो करें नरेन्द्र मोदी- महंगाई पर चुप क्यों हैं सोनिया
जसदण , सोमवार, 15 अक्टूबर 2012 (21:41 IST)
FILE
महंगाई पर साल 2009 में चुनाव पूर्व किए गए वादे को पूरा करने में विफल रहने के लिए संप्रग की आलोचना करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुद्दे पर संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी की चुप्पी पर सवाल खड़े किए।

मोदी ने यहां पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा कि सोनिया गांधी ने गुजरात के विकास की आलोचना की, लेकिन सत्ता में आने के 100 दिन के भीतर महंगाई को कम करने के चुनाव पूर्व के वादे पर कभी कुछ नहीं कहा।

उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह असफल रही है। वे राजकोट में तीन अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा किसानों की रैली को संबोधित किए जाने का उल्लेख कर रहे थे। सोनिया ने गुजरात चुनाव के लिए अपनी पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत करने के दौरान रैली में नरेंद्र मोदी सरकार के प्रदर्शन की बखिया उधेड़ी थी।

‘झूठ का प्रचार करने’ के कांग्रेस के आरोपों के संबंध में मोदी ने कहा कि भाजपा की झूठ फैलाने में दिलचस्पी नहीं है और गुजरात में मेरी सरकार द्वारा किया गया विकास प्रत्यक्ष है।

कांग्रेस को विकास के मुद्दे पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर संप्रग भाजपा की गुजरात सरकार के साथ प्रतिस्पर्धा करना चाहती है तो इसे विकास के मुद्दे पर लड़ा जाना चाहिए।

सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर परोक्ष तौर पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि आप दिल्ली में सौदों के बारे में सुनते हैं, लेकिन मैं कोई सौदेबाजी नहीं करता क्योंकि न तो मेरा बेटा है और न ही दामाद। छह करोड़ गुजराती मेरे परिवार हैं और मैं गुजरात का विकास करूंगा।

मोदी ने एक महीने चली ‘विवेकानंद युवा विकास यात्रा’ के दौरान बेहतर प्रशासन के लिए जसदण से विंचिया तालुका बनाने की घोषणा की थी। मोदी की यात्रा पिछले हफ्ते समाप्त हुई थी। गुजरात में 13 और 17 दिसंबर को विधानसभा चुनाव होंगे और मतगणना 20 दिसंबर को होगी। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi