Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारती मामले में बरखा सिंह निर्दोष-ममता शर्मा

हमें फॉलो करें भारती मामले में बरखा सिंह निर्दोष-ममता शर्मा
इंदौर। दक्षिण दिल्ली में आधी रात को घर में घुसकर अफ्रीकी महिलाओं से दुर्व्‍यवहार मामले में कानून मंत्री सोमनाथ भारती को समन भेजने के बाद आम आदमी पार्टी के निशाने पर आई दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) अध्यक्ष बरखा सिंह का राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा ने गुरुवार को खुलकर बचाव किया।

ममता ने इंदौर प्रेस क्लब में कहा, भारती से जुड़े मामले में बरखा निर्दोष हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए कानून मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन इस मामले में तो उल्टा चोर कोतवाल को डांट रहा है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भारतीय संविधान के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा, भारती ने गलती की है। वह बगैर किसी आदेश के अफ्रीकी महिलाओं के परिसर में घुस गए और उन्हें परेशान किया। वह कानून मंत्री होते हुए कानून को अपने हाथ में कैसे ले सकते हैं।

राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा, बरखा ने दो बार समन देकर भारती को बुलाया, लेकिन वे खुद डीसीडब्ल्यू के सामने पेश नहीं हुए। दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने बरखा पर बतौर डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष राजनीति करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही, दिल्ली के उप राज्यपाल को प्रस्ताव भेजा है कि बरखा की जगह हिन्दी उपन्यासकार मैत्रेयी पुष्पा को डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष बनाया जाए।

ममता ने दिल्ली सामूहिक बलात्कार कांड की शिकार निर्भया को लेकर महाराष्ट्र महिला आयोग की सदस्य आशा मिर्जे की विवादास्पद टिप्णणी को ‘घोर निंदनीय’ बताया। उन्होंने कहा, आशा को या तो अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए या बेहद विनम्र शब्दों में माफी मांगनी चाहिए। राजनेताओं को महिलाओं के मामले में अपनी जुबान पर लगाम लगानी चाहिए। ममता ने बताया कि पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में 20 वर्षीय आदिवासी युवती के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना की जांच के लिए वे जल्द ही खुद घटनास्थल का दौरा करेंगीं।

उन्होंने एक सवाल पर कहा, बलात्कार के मामलों में मुजरिमों को ऐसी सजा दी जानी चाहिए, जिससे वे रोज जिएं और रोज मरें। ममता ने इस बात पर भी जोर दिया कि तमाम कम्पनियों को यौन अपराधों से अपनी महिला कर्मियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi