Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

शेयर बाजार में 144 अंकों की गिरावट

हमें फॉलो करें शेयर बाजार में 144 अंकों की गिरावट
मुंबई (वार्ता) , गुरुवार, 15 नवंबर 2007 (20:19 IST)
देश के शेयर बाजारों में मुनाफावसूली का जोर रहने से गुरुवार को गिरावट का रुख रहा। बैंकिग और सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव अधिक रहने से बीएसई का सेंसेक्स 144 अंक और एनएसई का निफ्टी 26 अंक नीचे आए।

गत दिवस एक दिन की सर्वाधिक तेजी के साथ बंद हुए शेयर बाजारों का रुख कारोबार के प्रारंभ में सकारात्मक था, किंतु बाद में इसमें गिरावट आ गई। एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट के असर ने भी यहाँ प्रभावित किया।

आर्थिक सहयोग और विकास संगठन के महासचिव गुरिया के मुताबिक अमेरिका के जोखिम वाले आवास ऋण का प्रभाव अभी खत्म नहीं हुआ है। इसका कुल कितना असर पड़ेगा इस बारे में और जानकारी की जरुरत है।

सत्र के प्रारंभ में सेंसेक्स बुधवार के 19929.06 अंक की तुलना में 19947.72 अंक करीब 20 अंक ऊँचा खुला। इतना ही और सरककर सेंसेक्स ऊँचे में 19967.08 अंक जाने के बाद बिकवाली दबाव में आया और 240 अंक से अधिक गिरकर नीचे में 19723.20 अंक तक घटने के बाद समाप्ति पर 144.17 अंक अर्थात 0.72 प्रतिशत के नुकसान से 19784.89 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में कल एक दिन की सर्वाधिक 894 अंक की तेजी आई थी।

सेंसेक्स में गिरावट के बावजूद बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप ने तेजी के शतक लगाए। यह क्रमश: 128.46 तथा 188.28 अंक ऊँचे रहे। सब प्राईम की चिंता में बैंकेक्स 172.80 अंक टूट गया। रुपए की मजबूती से सूचना प्रौद्योगिकी में 83.83 अंक निकल गए। ऑयल एंड गैस, रियलटी और कैपीटल गुड्स में अच्छी बढ़त दिखी। निफ्टी 25.80 अंक अर्थात 0.43 प्रतिशत के नुकसान से 5912.10 अंक रह गया।

सेंसेक्स में गिरावट के बावजूद मझोली और लघु क्षेत्र की कंपनियों को मिले समर्थन से बीएसई का रुख सकारात्मक दिखा। सत्र में 2848 कंपनियों के शेयरों में कामकाज हुआ और इसमें 1804 में बढ़त रही। नौ सौ नब्बे कंपनियों के शेयर नीचे और 54 टिके रहे। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में लाभ-हानि का आँकड़ा सात और 23 का था।

घाटे वाले शेयरों में सूचना प्रौद्योगिकी निर्यात करने वाली कंपनियों के शेयरों प्रमुख रहे। सेंसेक्स के तीस शेयरों में नुकसान वाली श्रेणी के पहले दस में विप्रो का शेयर 3.13 प्रतिशत अर्थात 14.75 रुपए गिरकर 456.75 रुपए रह गया। सर्वाधिक नुकसान रिलायंस एनर्जी में 3.45 प्रतिशत का रहा। इसके शेयर में 1854.15 रुपए पर 66.20 रुपए निकल गए।

आईटी वर्ग की दूसरी बडी इन्फोसिस टेकनोलॉजीस में 1653.05 रुपए पर 3.12 प्रतिशत अर्थात 53.30 रुपए का घाटा रहा। बैंकिग वर्ग में एचडीएफसी बैंक 49.90 रुपए अर्थात 2.85 प्रतिशत की गिरावट से 1699.20 रुपए रह गया। एसबीआई का शेयर 2308.10 रुपए पर 1.62 प्रतिशत अर्थात 38.05 रुपए टूट गया।

एनटीपीसी लिमिटेड, आईसीआईसीआई बैंक, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी के शेयर सेंसेक्स के घाटे वाले पहले दस शेयरों में शामिल थे।

लाभ वाले शेयरों में भारती एयरटेल 4.71 प्रतिशत अर्थात 40.45 रुपए की बढ़त से 40.45 रुपए पर पहुँच गया। बहुउपयोगी वाहन क्षेत्र की अग्रणी कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 719.40 रुपए पर 3.95 प्रतिशत बढ़ गया। आईटीसी लिमिटेड 189.65 रुपए पर 6.45 रुपए ऊँचा रहा।

ओएनजीसी, टाटा स्टील, अम्बुजा सीमेंट और एलएंडटी के सेंसेक्स के फायदे अन्य वाले शेयर थे।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi