Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

जीवन जीने की कला सिखाता है शिक्षक

हमें फॉलो करें जीवन जीने की कला सिखाता है शिक्षक
देवास , मंगलवार, 6 सितम्बर 2011 (16:02 IST)
समाज में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है। माता- पिता के बाद शिक्षक ही बच्चों के मार्गदर्शक होते हैं। माता-पिता बच्चे को चलना सिखाते है तो शिक्षक उनको जीवन जीने की कला सिखाते हैं। जिस व्यक्ति के जीवन में शिक्षक के चरण नहीं पड़ते, वह सदैव भटकता रहता है। हालाँकि समय के साथ ही शिक्षा और शिक्षक के स्वरूप में भी बदलाव आ गया है। पहले विद्यार्थी गुरुकुल में जाकर गुरु के सान्निाध्य में ज्ञानार्जन करते थे, लेकिन आज गुरुकुल का स्थान विद्यालयों ने ले लिया है।


शिक्षक दिवस के अवसर पर सोमवार को कुछ इस तरह के विचार व्यक्त किए शिक्षकों ने। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में सोमवार को जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य आयोजक जिला शिक्षाधिकारी माया मालवीय थीं। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कमला गोस्वामी तथा विशेष अतिथि उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्या चंद्रावती जाधव, निगम सभापति सुभाष शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कैलाश गोस्वामी व विधायक प्रतिनिधि अर्जुन यादव थे। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन व सरस्वती वंदना से हुई। उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने गुरु वंदना पर आधारित गीत 'आप ही गुरुरूप भगवन, आप ही दिनमान हो...' प्रस्तुत कर शिक्षकों का नमन किया। इसके बाद अतिथियों ने विचार रखे। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मालवीय ने कहा कि जिले का 10वीं व 12वीं का परीक्षा परिणाम प्रदेशभर में श्रेष्ठ रहा है। इसके लिए उन्होंने सभी शिक्षकों को बधाई दी। शासन के निर्देशानुसार 10वीं व 12वीं में शतप्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले जिले के 12 हाईस्कूल व 8 हायर सेकंडरी स्कूलों के 152 शिक्षकों व प्राचार्यों को तथा पूर्व शैक्षिक समन्वयक एचएल खुशाल को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


72 में से हुआ 5 का चयन

एजुकेशन पोर्टल पर सम्मान के लिए जिले के कुल 72 शिक्षकों ने आवेदन किया था। इनमें से जिला स्तर पर 5 शिक्षकों का चयन हुआ। इन्हें एक-एक हजार रु. तथा शॉल-श्रीफल व प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। चयनित शिक्षकों के नाम हैं- राजेश मालवीय (प्राथमिक विद्यालय खजूरिया), ममता पाटिल व नीलिमा शाह (शासकीय उमा विद्यालय शिप्रा), बाबूलाल भाटी व मोहनलाल वर्मा (उत्कृष्ट विद्यालय देवास)। इस अवसर पर चिमनाबाई विद्यालय की प्राचार्या तारा शुक्ला, राधाबाई विद्यालय के प्राचार्य महेश तिवारी, नारायण विद्या मंदिर क्र. 1 के प्राचार्य कैलाशसिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व विद्यार्थीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन उर्मिला शर्मा ने किया। आभार अजय सोलंकी ने माना।


शॉल-श्रीफल भेंट किए

शासकीय माध्यमिक विद्यालय इटावा में शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान नर्मदा मालवा ग्रामीण बैंक विजय नगर इटावा के प्रबंधक बीएल खंडेलवाल ने सहायक शिक्षक एमडी बैरागी व शिक्षिका कुसुम मेहरा का शॉल-श्रीफल देकर सम्मान किया। इस अवसर पर आरएस सोलंकी, किरण राजपूत, ऐश्वर्य मिश्र, राजेश वर्मा, विनय गोखे सहित कई शिक्षक उपस्थित थे। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी सभी शिक्षकों का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन गिरधर त्रिवेदी ने किया। आभार आरएस सोलंकी ने माना।


सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं का सम्मान

भाजपा जिला कार्यालय पर महिला मोर्चा द्वारा शहर की 5 सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा नगर निगम द्वारा भी मल्हार स्मृित मंदिर सभागृह में शिक्षक सम्मान समारोह रखा गया। इसमें सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ ही शहर के चुनिंदा विद्यालयों का भी सम्मान किया गया। -निप्र


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi