Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

जॉली एलएलबी 2 का क्या होगा बॉक्स ऑफिस पर?

हमें फॉलो करें जॉली एलएलबी 2 का क्या होगा बॉक्स ऑफिस पर?
2013 में सुभाष कपूर ने 'जॉली एलएलबी' नामक फिल्म बनाई थी, जिसमें अरशद वारसी और बोमन कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। इस फिल्म में भारत में न्याय व्यवस्था पर व्यंग्य किया गया था। रिलीज के पहले इस फिल्म की कामयाबी पर किसी को विश्वास  नहीं था, लेकिन फिल्म को पसंद किया गया। इसी का नतीजा है कि सीक्वल 'जॉली एलएलबी 2' में अक्षय कुमार जैसे सितारे काम करने को राजी हो गए। 
 
कहा जाता है कि इस फिल्म में काम करने के बदले अक्षय कुमार ने प्रतिदिन एक करोड़ रुपये मांगे और उन्हें यह  रकम दी गई। सुभाष कपूर ने अक्षय कुमार को 42 करोड़ रुपये दिए और अन्य खर्चों में कटौती कर 23 करोड़ रुपये में फिल्म पूरी कर ली। प्रचार सहित फिल्म 75 करोड़ के आसपास पड़ी है। 
 
फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही पसंद किया गया जिसके आधार पर बॉलीवुड में यह माना जा रहा है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी ओपनिंग लेगी। संभव है कि पहले दिन का कलेक्शन 15 करोड़ रुपये तक पहुंच जाए। हालांकि यह आसान बात नहीं है। काबिल और रईस अभी भी सिनेमाघरों में टिकी हुई है, हालांकि उनके शो कम हो जाएंगे, लेकिन पूरी तरह से वे सिनेमाघरों से बाहर नहीं होंगी। इस कारण जॉली एलएलबी 2 को कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। 


 
फिल्म के प्लस पॉइंट्स 
- फिल्म का ट्रेलर पसंद किया गया। 
- अक्षय कुमार का सितारा इन दिनों बुलंद है। उनकी लगातार फिल्में सफल हुई हैं। 
- दर्शकों को पता है कि वे किस तरह की फिल्म देखने जा रहे हैं। 
- दो सप्ताह तक कोई चुनौती नहीं। 
 
फिल्म के माइनस पाइंट्स 
- अक्षय कुमार को छोड़ कोई बड़ा सितारा नहीं। 
- फिल्म का कमजोर संगीत। 
- फिल्म की अपील यूनिवर्सल नहीं। खास दर्शक वर्ग के लिए। 
 
जॉली एलएलबी 2 के प्लस और माइनस पाइंट्स पर गौर किया जाए तो बॉक्स ऑफिस पर इसका सफर थोड़ा मुश्किल हो सकता है। अक्षय की फिल्म देखने वो दर्शक जाते हैं जिनका एकमात्र उद्देश्य मनोरंजन होता है। उन्हें कॉमेडी, गाने, एक्शन जैसे सारे मसाले चाहिए, लेकिन जॉली एलएलबी 2 में ये मसाले कम हैं। सौ करोड़ का आंकड़ा पार करना फिल्म के लिए थोड़ा मुश्किल हो सकता है। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

जानिए जगजीत सिंह के बारे में रोचक बातें