‘जब वी मेट’ और ‘लव आज कल’ जैसी फिल्म बनाने के बाद निर्देशक इम्तियाज अली के साथ बॉलीवुड का हर कलाकार काम करना चाहता है, खासतौर पर नायिकाएँ क्योंकि इम्तियाज की फिल्मों में उन्हें कुछ कर दिखाने का भरपूर मौका मिलता है। ‘जब वी मेट’ के बाद करीना कपूर और ‘लव आज कल’ के बाद दीपिका पादुकोण की दुनिया बदल गई। उन्हें अभिनेत्री के रूप में गंभीरता से लिया जाने लगा।
सूत्रों का कहना है कि ‘लव आज कल’ के बाद इम्तियाज अगली फिल्म की योजना बना रहे हैं और कई अभिनेत्रियों की निगाह इस फिल्म पर है। सभी अपने-अपने स्तर पर इस फिल्म को पाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन करीना कपूर और दीपिका पादुकोण में तो होड़ मची हुई है। ये दोनों अभिनेत्रियाँ इम्तियाज के साथ एक-एक फिल्म कर चुकी हैं इसलिए वे अपना दावा मजबूत समझ रही हैं।
‘लव आज कल’ करने के लिए भी करीना ने बहुत कोशिश की थी, लेकिन सैफ के निर्माता होने के बावजूद इम्तियाज अपने निर्णय पर अड़े रहे और दीपिका को लेकर ही माने। दीपिका के साथ इम्तियाज थे और करीना को आखिरकार झुकना पड़ा। लेकिन इस बार करीना कपूर कमर कसे हुए है कि वे ही इम्तियाज की अगली फिल्म करेंगी। दूसरी ओर दीपिका भी यथासंभव कोशिश कर रही हैं।
इम्तियाज की फिल्म को आरंभ होने में अभी वक्त लगेगा। वैसे भी इम्तियाज अपनी स्क्रिप्ट के अनुसार कलाकार का चयन करते हैं। हो सकता है कि वे दीपिका या करीना के बजाय किसी अन्य को अपनी फिल्म की हीरोइन बना दे। लेकिन दीपिका और करीना ने इम्तियाज की फिल्म को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है।