Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

अरविंद केजरीवाल से 'बहस' को अजय माकन तैयार

हमें फॉलो करें अरविंद केजरीवाल से 'बहस' को अजय माकन तैयार
नई दिल्ली , मंगलवार, 20 जनवरी 2015 (18:26 IST)
नई दिल्ली। भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी ने आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के दिल्ली से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर बहस करने की चुनौती से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वे विधानसभा में बहस करेंगी, जबकि कांग्रेस के अजय माकन ने विधानसभा चुनाव में एक स्वस्‍थ चर्चा करने पर सहमति व्यक्त की।
 
‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने किरण बेदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती देते हुए कहा कि ऐसी चर्चा अच्छी पहल होगी क्योंकि इससे लोगों को दिल्ली के मुद्दों के बारे में दोनों मुख्य दलों की योजनाओं एवं नीतियों के बारे में जानकारी मिलेगी और इससे विभिन्न मुद्दों को समझने में मदद मिलेगी।
 
किरण बेदी को सोमवार रात दिल्ली में भाजपा का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया था। वे पिछले सप्ताह भाजपा में शामिल हुई थीं। किरण बेदी ने कहा कि वे चुनौती स्वीकार करती हैं लेकिन ‘सदन के भीतर’ बहस करेंगी, चुनाव प्रचार के दौरान नहीं।
 
webdunia
उन्होंने कहा, मैं चुनौती स्वीकार करती हूं। मैं विधानसभा में ऐसा करूंगी और इससे पहले मैं बहस की बजाए काम पर ध्यान दूंगी क्योंकि मैं ऐसा ही करती रही हूं। पूर्व आईपीएस अधिकारी ने कहा, वे (अरविंद) केवल बहस में यकीन करते हैं जबकि मैं काम करने में यकीन करती हूं। मैं उनके साथ सदन के भीतर बहस करूंगी। मैं लक्ष्य, सेवा और कार्यक्रम पर ध्यान दे रही हूं। 
 
यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस के अजय माकन ने इस पहल का स्वागत किया है, किरण बेदी ने कहा, वे नाटक में लगे हुए हैं, जबकि मैं काम पर ध्यान दे रही हूं। वे ऐसा मिलकर करते रहे हैं। मैं काम करने पर जोर दे रही हूं। 
 
इससे पहले, आप नेता ने कहा, लोकतंत्र के लिए यह अच्छी पहल होगी यदि हमारे बीच विभिन्न मुद्दों पर बहस हो। लोग धर्म और जाति के नाम पर वोट देते हैं....वे मुद्दों के बारे में जागरूक नहीं हैं। करीब एक-दो घंटे की बहस ठोस मुद्दों पर होनी चाहिए।
 
65 वर्षीय बेदी को पार्टी संसदीय बोर्ड के साथ बैठक करने के बाद मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया है। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल की ओर से भाजपा की किरण बेदी को सार्वजनिक चर्चा के लिए चुनौती देने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस के अजय माकन ने कहा, यह स्वस्थ परंपरा होगी। 
 
उन्‍होंने कहा, मैं समझता हूं कि आपसी सहमति के आधार पर स्वीकार्य टीवी चैनल या एजेंसी और स्वीकार्य एंकर के संयोजन में व्यवस्थित चर्चा होनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी के चुनाव अभियान समिति के प्रमुख माकन ने कहा कि चर्चा से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेतृत्व को जनता के कठिन सवालों के जवाब देने का मौका मिलेगा।
 
उन्होंने कहा, मैं समझता हूं कि नेतृत्व के लिए कठिन सवालों का जवाब देने और इंटरनेट और सोशल मीडिया के समय में जनता के समक्ष अपनी बात रखने का यह सर्वश्रेष्ठ रास्ता होगा। 
 
ट्वीट के जरिए केजरीवाल और किरण बेदी दोनों को ‘टैग’ करते हुए माकन ने कहा, मैं व्यवस्थित चर्चा के लिए तैयार हूं। दिल्ली की जनता को तुलनात्मक मूल्यांकन करने दें। वहीं, आप ने कहा कि बेदी के बहस में हिस्सा लेने से मना करने से स्पष्ट होता है कि भाजपा चर्चा की संस्कृति से भयभीत है।
 
सोशल मीडिया पर अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाने वाले केजरीवाल ने बेदी से यह अपील भी की कि वे माइक्रोब्लागिंग साइट टि्वटर पर उन्हें 'अन ब्लॉक' करें। उन्होंने ट्वीट किया, किरणबेदीजी किरणजी, मैं आपको टि्वटर पर फालो करता रहा हूं। अब आपने मुझे टि्वटर पर ब्लॉक कर दिया है। कृपया मुझे 'अन ब्लॉक' कर दें। 
 
केजरीवाल के टि्वटर एकाउंट को गंदा करार देते हुए बेदी ने केजरीवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने उनको सालभर से भी पहले ब्लॉक किया था क्योंकि वे नकारात्मकता फैला रहे थे। 
 
बीती रात दिल्ली से भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार घोषित की गईं बेदी ने कहा, मैंने उन्हें करीब 15 महीने पहले ब्लॉक कर दिया था जब उन्होंने खुद को अराजकतावादी बताया था। वे नकारात्मकता फैला रहे थे। मैं नहीं चाहती थी कि मेरे चार मिलियन फालोअर नकारात्मकता को देखें...यह एक प्रदूषण फैलाने वाला एकाउंट था। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi