Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

दीपावली और महावीर निर्वाणोत्सव

हमें फॉलो करें दीपावली और महावीर निर्वाणोत्सव

राजश्री कासलीवाल

WD
भगवान महावीर का जीवन ही उनके उपदेशों की एक खुली किताब है। वे एक गणराजा के परिवार में पैदा हुए थे, अतः उनके घर-परिवार में ऐश्वर्य, संपदा की कोई कमी नहीं थी, वे इसका मनचाहा उपयोग, उपभोग कर सकते थे। परंतु युवावस्था में कदम रखते ही उन्होंने संसार की माया-मोह, सुख, ऐश्वर्य और राज्य को छोड़कर हृदय को कँपा देने वाली यातनाओं को सहन किया। सारी सुख-सुविधाओं का मोह छोड़कर वे नंगे पाँव पदयात्रा करते रहे।

महावीर स्वामी ने संसाररूपी दावानल के ताप को शांत करने के लिए अहिंसा के पथ पर चलकर उपदेश प्रसा‍रित किए। उनके उपदेशों को जानने-समझने के लिए कोई विशेष चेष्टा की जरूरत नहीं। जब भगवान महावीर पावानगरी के मनोहर उद्यान में जाकर विराजमान हो गए और जब चतुर्थकाल पूरा होने में तीन वर्ष और आठ माह बाकी थे तब कार्तिक अमावस्या के दिन सुबह स्वाति नक्षत्र के दौरान महावीर स्वामी अपने कर्म बंधन से मुक्त होकर मोक्षधाम को प्राप्त हुए।

उस समय इंद्रादि देवों ने आकर भगवान महावीर के शरीर की पूजा की और पूरी पावानगरी को दीपकों से सजाकर प्रकाशयुक्त कर दिया। उस समय से आज तक यही परंपरा जैन धर्म में चली आ रही है और प्रतिवर्ष दीपमालिका सजाकर भगवान महावीर का निर्वाणोत्सव मनाया जाता है। इसका उल्लेख हम'हरिवंश पुराण' के पृष्‍ठ 805 पर देख सकते हैं।

उसी दिन शाम को श्री गौतम स्वामी को केवलज्ञान की प्राप्ति हुई थी। तब देवताओं ने प्रकट होकर गंधकुटी की रचना की और गौतम स्वामी एवं केवलज्ञान की पूजा करके दीपोत्सव का महत्व बढ़ाया।

webdunia
ND
इसी उपलक्ष्य में सभी जैन बंधु सायंकाल को दीपक जलाकर पुन: नई बही खातों का मुहूर्त करते हुए भगवान गणेश और माता लक्ष्मीजी का पूजन करने लगे। ऐसा माना जाता है कि बारह गणों के अधिपति गौतम गणधर ही गणेश हैं और सभी विघ्नों के नाशक हैं। उनके द्वारा केवलज्ञान की विभूति की पूजा ही महालक्ष्मी की पूजा है।

भगवान महावीर के दिव्य-संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए वर्ष-दर-वर्ष कार्तिक अमावस्या को दीपक जलाए जाते हैं। मंदिरों, भवनों, कार्यालयों व बाग-बगीचों को दीपकों से सजाया जाता है और भगवान महावीर से कृपा-प्रसाद प्राप्त करने हेतु लड्डुओं का नैवेद्य अर्पित कर समस्तजनों में प्रसाद रूप में वितरित किया जाता है।

आओ हम भी दिव्य संदेश के प्रतीक रूप में दीपक जलाएँ, लड्डुओं को उनके दिव्य प्रसाद के रूप में वितरित करें। और भगवान महावीर स्वामी और गौतम गणधर के यादस्वरूप दीपमालिका पर्व मनाकर विश्व में चारों ओर अहिंसा और शांति का संदेश फैलाकर महावीर का निर्वाणोत्सव मनाएँ।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi