Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

आदिवासियों की मस्त होली

होली विशेष

हमें फॉलो करें आदिवासियों की मस्त होली
ND
संपूर्ण भारत में आदिवासियों द्वारा मनाई जाने वाली होली या रंग-पंचमी सबसे अलग होती है। आम शहरी लोगों से कहीं ज्यादा मद-मस्त होकर भारतीय आदिवासी जनता होली का भरपूर मजा लेती है। भारतीय आदिवासियों का प्रमुख त्योहार होली ही होता है।

देखने में आया है कि शहर में तो होली का त्योहार रंगों की बजाय खूनी होली में बदल गया है। ये हुड़दंग सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाली होती है, जबकि होली का त्योहार प्रेम इजहार, मिलन और सामाजिक एकता का प्रतीक होने के साथ-साथ हमें यह भी संदेश देता है कि लोगों को व्यक्ति पूजा को छोड़कर उस एक परम शक्ति के आगे ही झुकना चाहिए। आदिवासियों में इस तरह की हुड़दंग नहीं होती।

मध्य प्रदेश के भील होली को भगोरिया कहते हैं। भगोरिया के समय धार, झाबुआ, खरगोन आदि आदिवासी क्षेत्रों के हाट-बाजार मेले का रूप ले लेते हैं और हर तरफ बिखरा नजर आता है होली और प्यार का रंग। रंग-बिरंगे वस्त्रों में आदिवासी जनता बहुत ही ूबसूरत नजर आती है। भगोरिया स्वयंवर प्रथा का भीली स्वरूप है। भगोरिया हाट-मेले में युवक-युवती बेहद सजधज कर अपने भावी जीवनसाथी को ढूँढने आते हैं। इनमें आपसी रजामंदी जाहिर करने का तरीका भी बेहद निराला होता है।

webdunia
ND
राजस्‍थान में रहने वाले भील आदिवासियों के लिए होली विशेष होती है। वयस्‍क होते लड़कों को इस दिन अपना मनपसंद जीवनसाथी चुनने की छूट होती है। इस दिन वो आम की मंजरियों, टेसू के फूल और गेहूँ की बालियों की पूजा करते हैं और नए जीवन की शुरुआत के लिए प्रार्थना करते हैं।

राजस्थान के सलंबूर कस्बे में आदिवासी 'गेर' खेल कर होली मनाते हैं। उदयपुर से 70 कि. मि. दूर स्थित इस कस्बे के भील और मीणा युवक एक 'गेली' हाथ में लिए नृत्य करते हैं। गेली अर्थात बाँस पर घुँघरू और रूमाल का बँधा होना। कुछ युवक पैरों में भी घुंघरू बाँधकर गेर नृत्य करते हैं।

दक्षिणी गुजरात के धरमपुर एवं कपराडा क्षेत्रों में कुंकणा, वारली, धोड़िया, नायका आदि आदिवासियों द्वारा होली के दिन खाने, पीने और नाचने (खावला, पीवला और नाचुला) का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। ये आदिवासी होली के त्योहार के दिनों में जीवन के दुःख, दर्द और दुश्मनी को भूलकर गीत गाकर तथा तूर, तारपुं, पावी, कांहली, ढोल-मंजीरा आदि वाद्यों की मस्ती में झूमने लगते हैं।

webdunia
ND
वे ढोल-नगाड़ों, पावी (बाँसुरी), माँदल, चंग (बाँस से बना एक छोटा बाजा या ढोल जिसे वांजित्र कहा जाता है) आदि के साथ नाचते-कूदते-गाते हुए एक गाँव से दूसरे गाँव घूमते हुए, अबीर-गुलाल के रंगों की वर्षा करते हुए थाली लेकर फगुआ माँगते हैं। कुछ आदिवासी लकड़ी के घोडे पर सवारी करते हुए या स्त्री की वेशभूषा पहनकर आदिवासी शैली में नाचते-गाते हैं। गुजराज के डांग अंचल में होली के अवसर पर डांग जनजाति की होली भी देखने लायक रहती है। इसे वे डांगी होली कहते हैं।

इसी तरह भारत के प्रत्येक प्रांत के आदिवासियों की होली में समानता पाई जाती है। वे लोग होली का उत्सव एकजुट होकर मनाते हैं। एकजुट होकर नाचते, गाते और पीते-खाते हैं। वे पूर्णत: परंपरागत होली ही मनाते हैं। रंगों में वे प्राकृतिक रंगों का ही इस्तेमाल करते हैं। होली का त्योहार उनके लिए संबंधों को और मजबूत करने का जरिया तो है ही साथ ही वे इस त्योहार के दिन अपने लिए नया जीवन साथी भी ढूँढ लेते हैं।- (वेबदुनिया डेस्क)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi