राजीव गांधी एक विलक्षण व्यक्तित्व
, बुधवार, 20 अगस्त 2014 (12:23 IST)
भारत के नौवें प्रधानमंत्री भारतरत्न राजीव गांधी भारत की महान नेत्री स्व. इंदिरा गांधी व फिरोज गांधी के पुत्र व भारत के प्रथम प्रधानमंत्री व आधुनिक भारत के निर्माता पं. जवाहरलाल नेहरू के नाती थे। राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को मुंबई में हुआ था।
राजीव गांधी ऐसे परिवार के सदस्य थे जिसका प्रत्येक सदस्य आजादी की लड़ाई में अपना सर्वस्व न्योछावर किए हुए था। राजीव गांधी के नाना पंडित जवाहरलाल नेहरू उनके जन्म के समय अपनी अंतिम व नौवीं जेल यात्रा पर थे और उनकी माता इंदिरा गांधी 15 महीने पहले ही जेल से छुटी थीं और पिता फिरोज गांधी भी आजादी की लड़ाई के लिए उनके जन्म से 1 वर्ष पहले ही जेल से बाहर आए थे।
सरल स्वभाव व मिलनसार व्यक्तित्व के धनी राजीव गांधी, जिनका पूरा नाम राजीवरत्न गांधी था, एक संकोची प्रवृत्ति के भी इंसान थे और अपने भाई संजय गांधी की मृत्यु के बाद अपनी मां इंदिरा गांधी का राजनीतिक सहारा बनने के लिए अमेठी से सांसद के रूप में वे पहली बार राजनीति में आए।