Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भूकंप से थर्राया जापान...

हमें फॉलो करें भूकंप से थर्राया जापान...
टोक्यो , रविवार, 23 नवंबर 2014 (09:40 IST)
टोक्यो। जापान के मध्य भाग में पहाड़ी इलाके में शक्तिशाली भूकंप आया जिससे आधा दर्जन से अधिक मकान नष्ट हो गए, कई क्षतिग्रस्त हो गए और कम से कम 30 लोग घायल हो गए।
 
मध्य जापान के पहाड़ी इलाके का वह स्की रिजॉर्ट भूकंप से प्रभावित हुआ जहां वर्ष 1998 में शीतकालीन ओलंपिक (विंटर ओलंपिक) का आयोजन हुआ था।
 
जापान की मौसम एजेंसी ने बताया कि शनिवार को नगानो शहर के पास स्थानीय समयानुसार रात करीब 10 बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार 13.00 बजे) 10 किमी की गहराई पर 6.8 तीव्रता का भूकंप आया।
 
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी है। भूकंप के बाद हालांकि सुनामी की कोई संभावना नहीं है।
 
नगानो के पश्चिम में स्थित स्की शहर हकूबा के एक रेस्तरां मालिक रिओ निशिनो ने जापानी प्रसारक एनएचके को बताया कि भूकंप बहुत शक्तिशाली था और इमारतें हिल रही थीं।
 
जापान के परमाणु नियामक प्राधिकरण ने बताया कि प्रभावित इलाके में तीन परमाणु उर्जा संयंत्र हैं जहां किसी असामान्य स्थिति की खबर नहीं है।

जापान में वर्ष 2011 में 9.0 तीव्रता का भूकंप और फिर विनाशकारी सुनामी आने के बाद से सभी परमाणु संयंत्र बंद हैं। तब फुकुशिमा में दाई-इचाई संयंत्र के तीन रिएक्टर पिघल गए थे। कल जिस जगह पर भूकंप आया, फुकुशिमा वहां से करीब 250 किमी उत्तर पूर्व में है।
 
संघीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने आज यहां बताया कि भूकंप के कारण करीब आधा दर्जन से अधिक इमारतें ध्वस्त हो गईं जिससे कम से कम 30 लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जाती है।
 
जापान की सरकार के शीर्ष प्रवक्ता योशिहिदे सुगा ने बताया कि हम यथाशीघ्र स्थिति का आकलन करने की कोशिश कर रहे हैं। घायलों को भी बचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
 
स्थानीय एवं राष्ट्रीय आपदा एजेंसियों ने बताया कि भूकंप से हकूबा सर्वाधिक प्रभावित प्रतीत होता है जहां वर्ष 1998 में शीतकालीन ओलंपिक हुए थे। यहां कम से कम सात मकान नष्ट हो गए और कुछ अन्य इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने बताया कि 17 लोग घायल हुए हैं।
 
राष्ट्रीय पुलिस एजेंसी ने जापान की क्योदो समाचार एजेंसी को बताया कि ध्वस्त हुए मकानों के मलबे में 21 लोग दब गए थे लेकिन सभी को बाहर निकाल लिया गया। इनमें से दो घायल हैं।
 
भूकंप की वजह से कई जगहों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई जिससे पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। दो बड़ी सड़कों पर भूस्खलन की वजह से अन्य इलाकों में जाने का रास्ता बाधित हो गया है।
 
नगानो प्रीफैक्चर के आपदा प्रबंधन अधिकारी शिगेहारू फुजिमारा ने बताया ‘‘हमें डर है कि कुछ इलाके शायद अलग थलग हो गए हैं इसलिए हमें सूर्योदय के बाद नुकसान का व्यापक आकलन करने की जरूरत है।
 
भूकंप जापान के उत्तरी हिस्से के ज्यादातर भागों और हकूबा से करीब 200 किमी दक्षिण पूर्व में स्थित टोक्यो में महसूस किया गया। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi