Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मिस्र में आतंकी हमला, 31 सैनिकों की मौत

हमें फॉलो करें मिस्र में आतंकी हमला, 31 सैनिकों की मौत
काहिरा , शनिवार, 25 अक्टूबर 2014 (14:39 IST)
काहिरा। मिस्र के अशांत उत्तरी सिनाई प्रांत में इसराइल और गाजा पट्टी की सीमा के पास हुए 2 आतंकी हमलों में मिस्र के कम से कम 31 सैनिक मारे गए और 26 घायल हुए हैं। इस हमले के बाद देश में 3 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है।

उत्तरी सिनाई में ‘डॉक्टर्स सिंडिकेट’ के प्रमुख सलाह सल्लाम ने बताया कि विस्फोटक से लदी हुई एक कार ने उत्तरी सिनाई के शेख ज्यूयेद इलाके में सेना की जांच चौकी को निशाना बनाया। हमले में 28 सैनिक मारे गए जबकि 26 अन्य जख्मी हो गए। उन्होंने इसको आतंकी हमला करार दिया।

मिस्र के निजी चैनल ‘सीबीसी’ के मुताबिक धमाके की आवाज सुनने के बाद मिस्र के अन्य सैनिक अपने साथियों की मदद करने के लिए मौके पर भागे, तभी अज्ञात उग्रवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।

विस्फोटकों की तलाश करने के लिए इलाके की घेराबंदी की गई थी इस वजह से एम्बुलेस को मौके पर पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ा।

मिस्र में वर्ष 2011 में हुई क्रांति के बाद उत्तरी सिनाई उग्रवादियों के कई हिंसक हमलों का गवाह बना है। इस क्रांति में तत्कालीन राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक को सत्ता से बेदखल कर दिया गया था।

पिछले साल जुलाई में पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी को सत्ता से हटाने के बाद से सिनाई स्थित अंसार बेत अल-मकदीस के उग्रवादियों ने पुलिस और सैन्य अधिकारियों पर हमले तेज कर दिए हैं, तब से 500 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने की खबर है।


उत्तरी सिनाई में आपातकाल की घोषणा : इधर मिस्र सरकार ने 2 अलग-अलग आतंकवादी हमलों में 31 सैनिकों के मारे जाने के बाद अशांत उत्तरी सिनाई प्रांत में 3 माह के आपातकाल की घोषणा की है।

मिस्र के सरकारी टीवी की खबर के अनुसार राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी ने शुक्रवार को एक आपात बैठक के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई जिसमें यह निर्णय किया गया।

आपातकाल की अवधि 3 माह रहेगी और इस दौरान अगले आदेश तक शाम 5 बजे से सुबह 7 बजे तक प्रतिदिन कर्फ्यू रहेगा।

शुक्रवार को उत्तरी सिनाई प्रांत में गाजा पट्टी और इसराइल की सीमा के समीप 2 अलग-अलग आतंकवादी हमलों में मिस्र के 31 सैनिक मारे गए और 26 अन्य घायल हो गए। इस घटना के बाद आपातकाल लागू करने का निर्णय किया गया।

देश में 3 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। प्राधिकारियों ने गाजा से लगने वाले रफाह की सीमा बंद कर दी है।

एक अन्य घटना में मिस्र की गाजा से लगने वाली सीमा के समीप अल आरिश शहर में एक सैन्य जांच चौकी पर अज्ञात बंदूकधारियों ने गोलीबारी की जिससे 3 अन्य सैनिक मारे गए। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi