Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मलेशिया में भीषण बाढ़, 21 मरे, दो लाख बेघर

हमें फॉलो करें मलेशिया में भीषण बाढ़, 21 मरे, दो लाख बेघर
क्वालालंपुर , बुधवार, 31 दिसंबर 2014 (19:37 IST)
क्वालालंपुर। मलेशिया में भीषण बाढ़ में कम से कम 21 लोग मारे गए एवं करीब दो लाख लोग बेघर हो गए हैं, जबकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तूफान से कोई राहत नहीं मिलने का संकेत दिया है।
 
सबसे अधिक प्रभावित प्रांत केलानतान में 14 लोगों के मरने की खबर है। वहां 158000 लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए हैं। तेरेंगग्गानू में चार और पहांग प्रांत में तीन लोग काल-कवलित हो गए।
 
प्रधानमंत्री नजीब रज्जाक पिछले सप्ताह से बाढ़ प्रभावित प्रांतों का दौरा कर रहे हैं और बाढ़ राहत कार्यों में समन्वय स्थापित कर रहे हैं। वे पहले ही 14.3 करोड़ डॉलर की सहायता घोषित कर चुके हैं।
 
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने माना कि राहत प्रयासों में देरी हुई और उसकी आंशिक वजह यह है कि उसके अपने भी कुछ कर्मी बाढ़ प्रभावितों में शामिल हैं। देश में पिछले 30 साल से अधिक समय में यह सबसे विनाशकारी बाढ़ है।
 
स्टार अखबार के मुताबिक परिषद के सचिव मोहम्मद थाजुद्दीन अब्दुल वहाब ने कहा, इतने बड़े पैमाने पर बाढ़ आई है कि ज्यादातर जिले जलमग्न हो गए हैं। हमारी पूरी जिला मशीनरी ध्वस्त हो गई, क्योंकि वे (कर्मी) भी बाढ़ प्रभावित हैं। 
 
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान आंधी और समुद्र में स्थिति खराब रहने का अनुमान लगाया है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi