Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

श्रीलंका में 5 भारतीय मछुआरों को मौत की सजा

हमें फॉलो करें श्रीलंका में 5 भारतीय मछुआरों को मौत की सजा
कोलंबो-नई दिल्ली , गुरुवार, 30 अक्टूबर 2014 (22:07 IST)
कोलंबो-नई दिल्ली। श्रीलंका की एक अदालत ने मादक द्रव्यों की कथित तस्करी के मामले में गुरुवार को पांच भारतीय मछुआरों को मौत की सजा सुनाई। भारत ने इस पर त्वरित प्रतिक्रिया जताई और इस मामले को श्रीलंकाई सरकार के साथ उठाया। 
भारत ने यह भी कहा कि 14 दिन के भीतर इस फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील की जाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु से ताल्लुक रखने वाले इन मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने साल 2010 में मादक द्रव्यों की तस्करी के आरोप में पकड़ा था।
 
कोलंबो स्थित उच्च न्यायालय ने आठ लोगों के एक समूह को मौत की सजा सुनाई है। इनमें ये पांचों भारतीय नागरिक शामिल हैं। इन लोगों को उत्तरी जाफना के तट के निकट से गिरफ्तार किया गया था।
 
न्यायाधीश प्रीति पदमन सुरसेना ने पांच भारतीय और तीन श्रीलंकाई नागरिकों के खिलाफ हेरोइन की तस्करी में शामिल होने को लेकर फैसला सुनाया। इधर, भारत सरकार ने कहा है कि पिछले चार वर्षों में इस मामले की पुरजोर पैरवी की गई।
 
श्रीलंकाई अदालत के फैसले पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने नई दिल्ली में कहा, श्रीलंका में अदालत द्वारा पांच मछुआरों के खिलाफ फैसला दिए जाने के बाद भारत ने एक बार फिर उनके निर्दोष होने का मामला श्रीलंका के साथ उठाया है तथा कोलंबो में भारत का उच्चायोग फैसले के खिलाफ वकील के जरिए अपील करेगा। (भाषा)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi