Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

जापान में सिरफिरे ने चाकू से ली 19 लोगों की जान

हमें फॉलो करें जापान में सिरफिरे ने चाकू से ली 19 लोगों की जान
जापान , मंगलवार, 26 जुलाई 2016 (07:55 IST)
टोक्यो। एक सनसनीखेज घटनाक्रम में जापान में मानसिक रूप से अक्षम लोगों के एक देखभाल केंद्र पर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई।
 
 
स्थानीय अग्निशमन विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि तोक्यो से 50 किलोमीटर दूर सागामिहारा शहर में हुए इस हमले में 25 अन्य लोग घायल हो गए हैं जिनमें से 20 की हालत गंभीर है।
 
26 वर्षीय हमलावर बाद में पुलिस थाने पहुंचा और उसने अधिकारियों के सामने स्वीकार किया, 'मैंने यह किया है।' उसने बताया कि वह केंद्र का एक पूर्व कर्मी था।
 
पुलिस ने बताया कि उन्हें देर रात करीब ढाई बजे सुकुई यामायुरी-एन केंद्र से फोन के जरिए सूचना मिली थी कि चाकू लिए एक व्यक्ति केंद्र में प्रवेश कर रहा है।
 
असाही शिम्बुन' समाचार पत्र ने पुलिस के हवाले से बताया कि संदिग्ध ने कहा, 'सभी निशक्तजन खत्म हो जाने चाहिए।' अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि चिकित्सकों ने 19 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि कथित हमलावर स्थानीय समयानुसार देर रात तीन बजे थाने आया और उसने स्वीकार किया कि उसी ने यह हमला किया है। क्योदो समाचार एजेंसी के अनुसार, हमलावर की पहचान 26 वर्षीय सातोशी युएमात्सु के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
 
जापान ऐसे विकसित देशों में शामिल है जहां हिंसात्मक अपराधों की दर सबसे कम है और किसी भी प्रकार के हथियारों से हमले करना यहां असामान्य बात है लेकिन देश में एकाएक हमलों के साथ-साथ सुनियोजित हिंसा में भी हाल में तेजी देखने को मिली है।
 
टोक्यो के अकिहाबारा जिले में वर्ष 2008 में एक व्यक्ति ने किराए पर लिया ट्रक दुकानदारों की भीड़ में घुसा दिया था जिसके बाद उसने राहगीरों पर चाकू से हमला किया जिसे सात लोगों की मौत हो गई थी और 10 अन्य लोग घायल हो गए थे।
 
इसके बाद जापान ने ऐसे दोधारी चाकुओं को रखने पर प्रतिबंध लगा दिया था जिनके ब्लेड 5.5 सेंटीमीटर (करीब दो इंच) लंबे है। ऐसे चाकू रखने वाले को तीन साल कारावास की सजा हो सकती है या उसे पांच लाख येन जुर्माना भरना पड़ सकता हैं  (भाषा) 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

6,000 करोड़ का ऋण चुकाने की जिम्मेदारी नहीं : किंगफिशर