Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

नेपाल में भारी बारिश, 33 की मौत

हमें फॉलो करें नेपाल में भारी बारिश, 33 की मौत
काठमांडू , गुरुवार, 30 जुलाई 2015 (23:33 IST)
काठमांडू। नेपाल में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से गुरुवार को कई मकान ढह गए और 13 महिलाओं सहित कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई तथा 20 से अधिक लोग लापता हैं।
 
नेपाल के गृह मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, काठमांडू से 250 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नेपाल के चर्चित पर्यटन स्थल पोखरा के पास कास्की जिले में 23 लोग मारे गए और लगातार बारिश के कारण आई बाढ़ में कई मकान ढह गए।
 
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता लक्ष्मी ढाकल ने बताया कि मरने वालों में 11 महिलाएं शामिल हैं। लुम्ले में भूस्खलन की एक अलग घटना में 20 अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। इसी तरह से जिले के भदौरे गांव में हुए भूस्खलन में दो महिलाओं सहित पांच व्यक्ति मारे गए। अन्यत्र हुए भूस्खलनों के कारण पांच अन्य की मौत हुई है। 
 
अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण पोखरा-बागलुंग राजमार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। राहत कार्यों के लिए नेपाली सेना और नेपाल पुलिस को प्रभावित जगहों पर तैनात किया गया है। नेपाल सेना मुख्यालय ने भी बचाव अभियान में मदद के लिए घटना स्थलों के लिए एक हेलीकॉप्टर भेजा है। 
 
पुलिस ने बताया कि पश्चिमी काठमांडू से 350 किलोमीटर की दूरी पर स्थित म्याग्दी जिले के मुना और मुदुनी गांव में भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में एक बच्चे और एक वयस्क की मौत हो गई और पांच अन्य लापता हैं। 
 
नेपाल में मानसून के दौरान बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के चलते हर साल कई लोग मारे जाते हैं। (भाषा) 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi