Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

स्टीवन स्मिथ के विजयी छक्के से पुणे 7 विकेट से जीता

हमें फॉलो करें स्टीवन स्मिथ के विजयी छक्के से पुणे 7 विकेट से जीता
, गुरुवार, 6 अप्रैल 2017 (23:57 IST)
पुणे। आईपीएल के दूसरे मैच में आज कप्तान स्टीवन स्मिथ की नाबाद 84 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया। स्मिथ ने केवल 54 गेंदों का सामना किया और 7 चौकों के अलावा 3 छक्के भी उड़ाए। स्मिथ ने आज साबित किया कि क्यों उन्हें धाकड़ बल्लेबाजों में शुमार  किया जाता है। स्मिथ के अलावा दूसरे छोर पर 12 गेंदों में 12 रन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने भी आईपीएल की इस चमत्कृत जीत के गवाह बने। 
 
पुणे के कप्तान स्टीवन स्मिथ ने सिक्का जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। मुंबई की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 184 रन बनाने में सफल रही थी। मुंबई की पारी में हार्दिक पांड्‍या (15 गेंदों पर 35 रन, 1 चौका, 4 छक्के) जोस बटलर 38, नितीश राणा ने 34 रन बनाने में सफल रहे।  जवाब में पुणे ने मैच की एक गेंद शेष रहते 19.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 187 रन बना डाले। 

पुणे की जीत में सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भी 34 गेंदों पर 60 रनों की धुंआधार पारी खेली। पुणे ने तीसरा विकेट स्ट्रोक्स (21) का जब गंवाया था, तब उसका स्कोर 15.2 ओवर में 143 रन था। मैदान पर मौजूद स्टीवन स्मिथ और महेंद्र सिंह धोनी की जोड़ी मौजूद थी। स्मिथ ने मुंबई के गेंदबाजों की अच्छी खासी आरती उतारी। अंतिम क्षणों में मैच बेहद रोमांचक हो गया था, जब पुणे को आखिरी 3 गेंदों में जीत के लिए 10 रनों की दरकार थी। स्मिथ ने पोलार्ड की लगातार 2 गेंदों पर छक्के उड़ाकर मैच का पासा ही पलट दिया। उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।  
 
इससे पहले लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने दस गेंद में तीन विकेट लिए लेकिन निचले क्रम पर हार्दिक पंड्या की दमदार पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने आठ विकेट पर 184 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के ताहिर ने 28 रन देकर तीन विकेट चटकाए। आईपीएल नीलामी में ताहिर को कोई खरीदार नहीं मिला था लेकिन बाद में विकल्प के तौर पर वह पुणे टीम में आए। उन्होंने शीषर्क्रम को झकझोरकर मुंबई को अच्छी शुरूआत करने से रोका।
 
पार्थिव पटेल (19) और जोस बटलर (38) ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े लेकिन इसके बाद कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी। पंड्या ने 15 गेंद में एक चौके और चार छक्कों के साथ नाबाद 35 रन बनाए। मुंबई ने आखिरी पांच ओवरों में 64 रन जोड़े।
 
ताहिर ने मैच में अपनी दूसरी ही गेंद पर पटेल को पैवेलियन भेजा। पहले चार ओवर में मुंबई ने 41 रन बनाए जिसके बाद यह विकेट गिरे। अगले ओवर में कप्तान रोहित शर्मा भी आउट हो गए, जिन्होंने सात गेंद में तीन रन बनाए। ताहिर की गेंद को लेग साइड पर खेलने के प्रयास में वह चूके और गिल्लियां उखड़ गई।
 
इसके दो गेंद बाद ताहिर ने सलामी बल्लेबाज बटलर को आउट किया। बटलर ने 19 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और तीन चौके लगाए थे। वह बदकिस्मत रहे क्योंकि रिप्ले से जाहिर था कि वह पगबाधा आउट नहीं थे। बटलर ने इंग्लैंड के अपने साथी खिलाड़ी बेन स्टोक्स को लगातार दो छक्के भी जड़े। रजत भाटिया ने अंबाती रायुडू का रिटर्न कैच लपका । इसके बाद कृणाल पंड्या (3) को आउट किया। मुंबई का स्कोर 14वें ओवर में पांच विकेट पर 104 रन था।
 
दिल्ली के नीतिश राणा ने 28 गेंद में 34 रन बनाए लेकिन 16वें ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे। वेस्टइंडीज के कीरोन पोलार्ड 17 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के के साथ 27 रन बनाकर आउट हुए। स्टोक्स ने उनके रूप में आईपीएल में अपना पहला विकेट लिया। इसके बाद हार्दिक ने आक्रामक पारी खेली। (वेबदुनिया/एजेंसी)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

केकेआर से टकराने को तैयार गुजरात के 'लॉयंस'