Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

ईश्वर ने जो हमें दिया है

हमें फॉलो करें Poem
webdunia

प्रभुदयाल श्रीवास्तव

, बुधवार, 10 सितम्बर 2014 (15:11 IST)
चूहे ने न्योता चिड़िया को,
बोला घर पर आना। 
आज बनाया है चुहिया ने,
नई डिश वाला खाना। 
 
पिज्जा, बर्गर, चाऊमीन है,
इडली-डोसे भी हैं। 
अगर ठीक ना लगे तुम्हें तो,
बड़े समोसे भी हैं। 
 
कोल्ड ड्रिंक भी तरह-तरह के,
हमने हैं मंगवाए। 
जूस संतरे, सोडे वाले,
घर पर ही बनवाए। 
 
चिड़िया बोली अरे अनाड़ी,
यह कचरा क्यों खाता!
गेहूं, दाना, रोटी, चावल,
तुझे नहीं क्या भाता?
 
हमें प्रकृति ने दिया शुद्ध जल,
दिए अन्न के दाने। 
किया धरा पर मन आनंदित,
शीतल शुद्ध हवा ने।
 
इंसानों ने जिसे बनाया,
उससे क्या है नाता। 
ईश्वर ने जो हमें दिया है,
हमको वही सुहाता। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi