Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सोने में गिरावट, चांदी चमकी

हमें फॉलो करें सोने में गिरावट, चांदी चमकी
नई दिल्ली , बुधवार, 29 जुलाई 2015 (18:47 IST)
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आई मामूली बढ़त के बावजूद स्थानीय स्तर पर रुपए की मजबूती और  आभूषण निर्माताओं की कमजोर मांग से बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड 10 रुपए लुढ़ककर 25290 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। वहीं, चांदी 150 रुपए मजबूत होकर 34200  रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
 
मनीला से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 0.3 प्रतिशत मजबूत होकर 1098 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। पिछले सप्ताह यह साढ़े पांच साल के निचले स्तर 1077 डॉलर प्रति औंस तक उतर गया था। इस बीच अमेरिकी सोना वायदा 1097.40 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा।
 
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका में फेडरल रिजर्व द्वारा इस साल ब्याज दर बढ़ाए जाने की आशंका  से सोने में नरमी का रुख है। सोने की वैश्विक मांग 2009 के बाद के निचले स्तर पर पहुंचने से भी इस  पर दबाव रहा है। प्रमुख सोना आयातक देशों भारत और चीन में भी इसकी मांग में लगातार गिरावट  आई है। इस बीच मनीला में चांदी हाजिर 0.3 प्रतिशत तेज होकर 14.72 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच  गई।
 
विदेशी बाजारों में जारी नरमी से सोना स्टैंडर्ड 10 रुपए कमजोर होकर 25290 रुपए प्रति दस ग्राम पर  आ गया। सोना बिटुर भी इतना ही गिरकर 25140 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। इस बीच आठ  ग्राम वाली गिन्नी 22200 रुपए पर स्थिर रही।
 
विदेशी बाजारों में आई बढ़त और औद्योगिक मांग बढ़ने से चांदी हाजिर में 150 रुपए की मजबूती रही  और यह 34200 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा 80 रुपए बढ़कर 33850 रुपए प्रति  किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 49 हजार रुपए और 50 हजार रुपए प्रति  सैकड़ा पर स्थिर रहे।
 
कारोबारियों ने बताया कि पीली धातु पर विदेशी बाजारों में जारी नरमी का असर पड़ा है, जबकि सफेद  धातु को विदेशी बाजारों की बढ़त और स्थानीय मांग से बल मिला है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय  में दोनों धातुओं की कीमतें और गिर सकती हैं। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi