Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

धोनी ने 5 पारियों में बनाए कुल 48 रन

हमें फॉलो करें धोनी ने 5 पारियों में बनाए कुल 48 रन
लंदन , शुक्रवार, 9 सितम्बर 2011 (17:51 IST)
FILE
किसी समय अपनी तूफानी बल्लेबाजी से युवा क्रिकेटरों के लिए 'रोल मॉडल' बने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के सितारे गर्दिश में हैं। उनकी पिछली पांच पारियों के आंकड़े को याद किया जाए तो पता चलता है कि रांची के रैंचो के बल्ले से सिर्फ 48 रन निकले हैं। यह आंकड़ा शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ ओवर में खेले जाने वाले तीसरे वनडे मैच के पूर्व तक का है।

धोनी ने सोचा भी नहीं होगा कि इंग्लैंड दौरा उनकी कप्तानी के साथ ही साथ टीम के दूसरे खिलाड़ियों के लिए भी अग्निपरीक्षा साबित होगा। धोनी जिस बुरे दौर से गुजर रहे हैं, उसे वे कभी याद नहीं रखना चाहेंगे। भारतीय कप्तान को यह महसूस हो जाना चाहिए कि बगैर रणनीति के साथ किसी ताकतवर टीम के खिलाफ उतरने का क्या हश्र होता है।

पिछले कई महीनों से धोनी के नाम के अनुरुप उनकी एक भी पारी देखने को नहीं मिली है। इंग्लैंड दौरे में पिछली पांच पारियों में उनका बल्ला सिर्फ 48 रन ही बना सका है।

कुल 15 पारियों में एक अर्धशतक : यदि गुजरे 5 महीनों में धोनी की 15 पारियों के प्रदर्शन पर नजर दौड़ाई जाए तो पता चलता है कि उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक जमाया है। यह अर्धशतक ऐसे वक्त उनके बल्ले से निकला जब इसकी सख्त जरूरत थी। जी हां, धोनी के बल्ले से निकले इस एकमात्र शतक ने विश्वकप में भारत को 28 साल के बाद विश्वविजेता बनवाया था। धोनी ने पिछले 16 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों (विश्वकप समेत) कुल 355 रन अपने नाम के आगे लिखवाए हैं।

वेस्टइंडीज में भी नहीं चला बल्ला : 2 अप्रैल 2011 में विश्वकप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज के दौरे पर गई जहां उसने तीन टेस्ट मैचों की सिरीज 1-0 से और 5 वनडे मैचों की सिरीज 3-2 से जीती। वेस्टइंडीज में भी धोनी का बल्ला नहीं चला और आज आप सब इंग्लैंड दौरे में माही की हालत देख ही रहे हैं।

आराम की जरूरत : विश्वकप और उसके बाद लगातार हो रहे क्रिकेट की वजह से भारतीय कप्तान को आराम का मौका ही नहीं मिल पाया है। क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों को 'पैसा बनाने वाली मशीन' बनाकर रख दिया है, जिसका परिणाम इंग्लैंड दौरा है।

तन इंग्लैंड में मन भारत में : भारतीय टीम वेस्टइंडीज के दौरे से ही इंग्लैंड चली गई यानी देश से लगातार बाहर रहने का यह पांचवां महीना शुरू हो गया है। भारतीय खिलाड़ी तन से तो मैच खेल रहे हैं लेकिन मन कहीं और है। धोनी खुद मानते हैं कि खिलाड़ियों को सफर के साथ लगातार मैच खेलने पड़ रहे हैं, जिससे उनके प्रदर्शन पर असर हो रहा है।(वेबदुनिया न्यूज)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi