Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे श्रृंखला में भारत का पलड़ा भारी

हमें फॉलो करें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे श्रृंखला में भारत का पलड़ा भारी
मुंबई , शनिवार, 21 अक्टूबर 2017 (14:30 IST)
मुंबई। इस सत्र में एकतरफा जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम रविवार से शुरू हो रही 3 मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरेगी तो मौजूदा फॉर्म के आधार पर उसका पलड़ा भारी होगा।
 
विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद भारत के हौसले बुलंद हैं। न्यूजीलैंड को शानदार फॉर्म में चल रही मेजबान टीम को हराने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। भारत का बल्लेबाजी और गेंदबाजी संयोजन संतुलित है और सभी खिलाड़ियों ने जीत में योगदान दिया है। एक इकाई के रूप में विराट कोहली की टीम का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है।
 
3 सत्र पहले भारत को इस मैदान पर दक्षिण अफ्रीका ने हराया था लेकिन उसके बाद से भारत ने अपनी सरजमीं पर लगातार 3 श्रृंखलाएं जीती हैं। अपराजेय होती जा रही भारतीय टीम ने जीत का ऐसा तिलिस्म अपने इर्द-गिर्द बना लिया है जिसे तोड़ना आसान नहीं लग रहा। 
 
ऑस्ट्रेलिया से 2009-10 में हारने के बाद भारत 16 द्विपक्षीय मैचों में सिर्फ पाकिस्तान (2012) और दक्षिण अफ्रीका से हारा है। ऑस्ट्रेलिया पर उसने 4-1 से जीत दर्ज की जबकि कप्तान विराट कोहली सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं थे और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन भी टीम से बाहर थे। उपकप्तान रोहित शर्मा ने 296 रन बनाए जिसमें 1 शतक और 2 अर्द्धशतक शामिल थे। अजिंक्य रहाणे ने 4 अर्द्धशतक समेत 244 रन जोड़े जबकि हरफनमौला हार्दिक पंड्या ने 222 रन बनाए। महेंद्र सिंह धोनी ने भी उम्दा बल्लेबाजी की।
 
यदि भारतीय टीम ने यही लय कायम रखी तो न्यूजीलैंड को वानखेड़े की पिच पर हराना मुश्किल नहीं होगा। बल्लेबाजों की ऐशगाह मानी जाने वाली इस पिच पर खूब रन बनने की उम्मीद है। 'चाइनामैन' कुलदीप यादव और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की अगुवाई में नए स्पिन आक्रमण ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इन दोनों का साथ देने के लिए बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल भी हैं। तेज गेंदबाजी का मोर्चा भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमरा संभालेंगे।
 
न्यूजीलैंड की उम्मीदें उसके सबसे सीनियर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोस टेलर पर टिकी होंगी जिन्होंने ब्रेबोर्न स्टेडियम पर भारतीय बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ दूसरे अभ्यास मैच में शतक जमाया था। टेलर, सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल और कप्तान केन विलियम्सन पर कीवी टीम को बड़ा स्कोर देने की जिम्मेदारी होगी। टाम लाथम ने भी दूसरे अभ्यास मैच में शतक जमाया था। 
 
कुल मिलाकर हालांकि न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी भारत के सामने कमजोर है, खासकर उपमहाद्वीपीय हालात में। ट्रेंट बोल्ट और टिम साउदी को जिम्मेदारी लेकर अच्छी गेंदबाजी करनी होगी। स्पिनर मिशेल सेंटनेर और ईश सोढ़ी पर बीच के ओवरों में रनगति पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी होगी।
 
टीमें
 
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, एमएस धोनी, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमरा, भुवनेश्वर कुमार और शरदुल ठाकुर।
 
न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), ट्रेंट बोल्ट, कोलिन डे ग्रांडहोमे, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टाम लाथम, हेनरी निकोल्स, एडम मिल्ने, कोलिन मुनरो, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सेंटनेर, टिम साउदी, रोस टेलर, जॉर्ज वर्कर, ईश सोढ़ी।
 
मैच का समय : दोपहर 1.30 से। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

आई लीग की दूसरी डिवीज़न में होंगी 20 टीमें