Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

दुनिया के 10 नए प्राकृतिक अजूबे

हमें फॉलो करें दुनिया के 10 नए प्राकृतिक अजूबे
, मंगलवार, 2 जून 2015 (12:21 IST)
एक ओर कई जीव जंतु विलुप्त होने की कगार पर पहुंच गए हैं, तो दूसरी ओर नई नई प्रजातियों का उदय भी हो रहा है। रिसर्चरों ने चुनी हैं पिछले साल की 10 सबसे हैरतंगेज खोजें।
जितना अजीब, उतना बेहतर
न्यूयॉर्क की साइराकूज यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने सैकड़ों विकल्पों में से दस सबसे अजीब नए पौधे और जानवर चुने हैं। जैसे कि "सेब्रीनस रेषेनबर्गाई" कही जाने वाली मकड़ी की यह नई प्रजाति, जो कार्टव्हील यानि हवा में कलाबाजियां करते हुए अपने शिकारी से बच निकलती है।
 
बच्चे देने वाला मेंढक
सभी मेंढक अंडे देते हैं और फिर पानी में ही उनमें से टैडपोल निकलते हैं। लेकिन लिम्नोनेक्टस लार्वीपार्टस नाम का यह मेंढक सीधे टैडपोल यानि शिशु मेंढक पैदा करता है। एनूरा फैमिली का यह मेंढक अपने ही कुल के बाकी मेंढकों से भी अलग है।
 
मछली की फसल
टॉर्किजेनर एल्बोमैक्यूलोसस नाम की यह मछली समुद्र में अपने ऐसे घोंसले बनाती है जो धरती पर उगने वाली फसलों जैसे दिखते हैं। गोलाकार और ऊंचाई में दो मीटर तक लंबे इनके निवास स्थान के लिए समुद्रतल पर नर मछली अपने शरीर के हिस्सों और गुदा पंखों से गड्ढा करता है।
 
जरा हट के है ये क्रिसमस ट्री
टिलांडसिया रेलिगिओसा नाम के इस पौधे का मेक्सिको में काफी लंबे समय से क्रिसमस के त्योहार में सजावट के लिए इस्तेमाल होता आया है, लेकिन इनके बारे में वैज्ञानिकों को हाल ही में पता चला है। करीब 1।50 मीटर तक बढ़ने वाला यह पौधा चट्टानों पर चिपका हुआ मिलता है और दिसंबर से मार्च के बीच इसमें फूल लगते हैं।
 
पेड़ के तने जैसा कीट
इस कमजोर से दिखने वाले कीट पर हाल ही तक रिसर्चरों ने ध्यान नहीं दिया था। करीब 25 सेंटीमीटर लंबा भूरे से रंग का कीड़ा, फ्रीगैनिस्टेरिया टामडाओएंसिस, दिखने में किसी पौधे का सूखा तना लगता है। अब उत्तरी वियतनाम में पाए जाने वाले इस दिलचस्प कीड़े पर खूब रिसर्च हो रहे हैं।
 
अनोखा घोंघा
फाइलोडेस्मियम एकैंथोरिनम शायद अपनी स्पीशीज का सबसे खूबसूरत घोंघा होगा। यह जापान के समुद्र में पाया जाता है और इसकी लंबाई अधिक से अधिक 17 से 18 मिलीमीटर ही होती है। यह लाल, नीले, सफेद और सुनहरे रंगों में भी पाया जाता है।
 
जो खो चुके थे
"अंजु वाइली" नाम के इस डायनासोर को विलुप्त मान लिया गया था। एक खास तरह की चोंच और पंखों वाले अंग और पूंछ होने के बावजूद यह उड़ने वाला जीव नहीं था। डकोटा में इसके जीवाश्म बरामद हुए हैं जो कि कम से कम 3 मीटर लंबे और 300 किलोग्राम वाले जीव के रहे होंगे।
 
माउंटेन कोरल
आज तक इस पौधे के करीब 50 नमूने ही मिले हैं। बलानोफोरा कोरलीफॉर्मिस में लंबी लंबी शाखाएं होती हैं और इसकी जड़ें धरती के ऊपर उगती हैं। यह केवल फिलीपीनी द्वीप लुजॉन में 1,500 से 1,700 मीटर की ऊंचाई पर पाया जाता है।
 
गहराईयों के रहस्यमयी जीव
ये रहस्यमयी जीव मशरूम जैसे दिखते हैं और वैज्ञानिकों को कभी ये जेलीफिश तो कभी कोरल के संबंधी लगे। अभी तक जीव जगत में इसकी सही पहचान और जगह नहीं तय की जा सकी है।

मां का प्यार
यह ततैया भले ही दिखने में आपको असाधारण ना लगे लेकिन इसका व्यवहार बहुत अलग है। अपने अंडे देने के लिए यह एक चैंबर बनाता है और उसमें मरी हुई मकड़ी रखता है जिसे खाकर उसके बच्चे पोषण पा सकें। एक दूसरे चैंबर में वह मृत चींटियां इकट्टा करता है। इसका मकसद अभी वैज्ञानिक भी नहीं जान सके हैं।
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi