Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

ट्रक और क्रेन में घुसी बसें, 26 घायल, 6 गंभीर

हमें फॉलो करें ट्रक और क्रेन में घुसी बसें, 26 घायल, 6 गंभीर
, मंगलवार, 2 जून 2015 (18:43 IST)
-अंतिम राठौर
 
बड़वानी। जिले में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जुलवानिया के पास बीती रात एक के बाद एक हुई दो बस दुर्घटनाओं में करीब 26 यात्रियों को चोटें आईं। इनमें से 6 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से चार को इंदौर रैफर किया गया। 
 
जुलवानिया पुलिस चौकी के एएसआई केसी मंडलोई ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात लगभग 12.30 बजे जुलवानिया से करीब 3 किमी दूर मोटेल होटल के सामने इंदौर से औरंगाबाद जा रही महाराष्ट्र परिवहन निगम की बस (एमएच 20 बीसी 2288) सड़क किनारे खड़े गेहूं से भरे ट्रक में जा घुसी। इससे बस में सवार करीब 24 यात्री घायल हो गए। इनमें से 4 गंभीर घायलों को बड़वानी जिला अस्पताल लाया गया, जिनमें से दो को इंदौर भेजा गया। शेष घायलों का जुलवानिया अस्पताल में उपचार किया गया।
 
बड़वानी जिला अस्पताल में भर्ती अनिता पति रविकांत ने बताया कि वे अपने बच्चे के साथ इंदौर से मालेगांव जा रही थीं। वे बस में आगे की ओर बैठे थे। इस बीच उन्हें नींद लग गई थी। यह घटना कैसे हुई, उन्हें कुछ भी पता नहीं चला। उन्होंने बताया वे अपने मायके इंदौर शादी में गई थीं और वापस अपने घर लौट रही थीं। उनके पति भी महाराष्ट्र परिवहन निगम में कर्मचारी हैं। 
 
और क्रेन में जा घुसी दूसरी बस : पहली दुर्घटना के महज चार घंटे ही बीते थे कि उससे कुछ ही दूरी पर एक और दुर्घटना हो गई। महाराष्ट्र रोडवेज की दुर्घटनाग्रस्त हुई बस को सड़क से हटाने के लिए एक क्रेन जुलवानिया जा रही थी। इसके पीछे इंटरसिटी यात्री बस (एमपी 33 पीएच 9090) आ रही थी। पहले वाले दुर्घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर यह बस क्रेन में जा घुसी। इस दुर्घटना में बस चालक भगवानदास व हेल्पर दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी और यात्री को चोट नहीं लगी। यह बस महाराष्ट्र से इंदौर की तरफ जा रही थी।
 
ये हुए घायल : इंदौर से औरंगाबाद जा रही बस की दुर्घटना में भगत (40) पिता नारायण निवासी शिरपुर, फिरोज (25) पिता अय्यूब निवासी धुलिया, अनिता (36) पति रविकांत निवासी मालेगांव और इन्दुमति (47) पति सुरेन्द्र निवासी औरंगाबाद घायल हो गए। इनमें से भगत व फिरोज को इंदौर भेजा गया है, जबकि अनिता और इन्दुमति का इलाज बड़वानी अस्पताल में चल रहा है।
 
दूसरी दुर्घटना में भगवानदास (35) पिता मुकुन्दीलाल और दिलीप (22) पिता पंछी दोनों निवासी जामली गंभीर रूप से घायल हो गए। इन दोनों को इंदौर रैफर किया गया है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi