Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मप्र के लिए 80000 करोड़ के पैकेज की घोषणा

हमें फॉलो करें मप्र के लिए 80000 करोड़ के पैकेज की घोषणा
इंदौर , शनिवार, 19 दिसंबर 2015 (21:01 IST)
इंदौर। केंद्रीय भू-तल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश के लिए शनिवार को 80000 करोड़ रुपए के पैकेज की घोषणा की, जिसमें 3782 किलोमीटर लम्बे रास्तों को राष्ट्रीय राजमार्ग में तब्दील करना शामिल है।
 
गडकरी ने यहां भारतीय रोड कांग्रेस के 76वें अधिवेशन के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने के बाद बताया, मैं प्रदेश सरकार की मांग के मुताबिक 3782 किलोमीटर लम्बाई वाले अलग-अलग रास्तों को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करता हूं। इन रास्तों को राजमार्ग में बदलने में करीब 30000 करोड़ रुपए की लागत आएगी। 
 
उन्होंने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम को सूबे में नए राजमार्गों के निर्माण के लिए जल्द से जल्द विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने और भूमि अधिग्रहण करने का जिम्मा दिया। इसके साथ ही, कहा कि ये दोनों काम पूरे होने पर दिसंबर 2016 तक सूबे में नए राजमार्गों का निर्माण शुरू हो जाएगा।
 
गडकरी ने बताया कि फिलहाल मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की लम्बाई 5194 किलोमीटर है। नए राजमार्ग बनने के बाद सूबे में यह लम्बाई बढ़कर 8976 किलोमीटर  हो जाएगी।
 
इसके अलावा, भू-तल परिवहन मंत्री ने प्रदेश के करीब 1300 किलोमीटर लम्बे अन्य रास्तों को सैद्धांतिक रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया। उन्होंने कहा कि कुछ औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन रास्तों को अंतिम रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर संबंधित निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। 
 
गडकरी ने यह भी बताया कि भू-तल परिवहन मंत्रालय की मदद से प्रदेश में 26,196 करोड़ रुपए की लागत वाली 62 नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इन परियोजनाओं के तहत 3,071 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। 
 
उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय लम्बे वक्त से प्रस्तावित इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन का स्टेशनों के साथ निर्माण करने को तैयार है। इस सिलसिले में रेलवे को जल्द ही प्रस्ताव सौंपकर रेल लाइन के निर्माण की मंजूरी हासिल करने की कोशिश की जाएगी।
 
गडकरी ने कहा, इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन के निर्माण से मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र के विकास के साथ आयात-निर्यात को बढ़ावा भी मिलेगा। इस क्षेत्र के सबसे बड़े शहर इंदौर के पास से हर साल करीब 47,000 कंटेनर नवी मुंबई के जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह पहुंचते हैं। नई रेल लाइन के निर्माण से ये कंटेनर अपेक्षाकृत कम समय में इस बंदरगाह तक पहुंच सकेंगे। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi