Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

देव आनंद के निधन से नेता भी दुखी

हमें फॉलो करें देव आनंद के निधन से नेता भी दुखी
नई दिल्ली , रविवार, 4 दिसंबर 2011 (12:52 IST)
PR
सदाबहार फिल्म अभिनेता देव आनंद आम लोगों में बेहद लोकप्रिय थे। आम लोगों के साथ ही खास लोग भी उन्हें बहुत चाहते थे। देव आनंद के निधन की खबर सुनकर देशभर में शोक की लहर फैल गई। क्या नेता, क्या अभिनेता सभी दुखी हो गए।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देव आनंद के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें एक महान कलाकार बताया और कहा कि उन्हें जीवनभर फिल्मों के निर्माण और अभिनय का जुनून रहा। सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि देव आनंद एक महान कलाकार थे जिन्होंने पांच दशक से अधिक समय तक सिनेप्रेमियों का मनोरंजन किया।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने देव आनंद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह ऐसी आदर्श हस्ती थे जिन्होंने अनगिनत फिल्म प्रेमियों का मनोरंजन किया। उन्हें हमेशा हिंदी सिनेमा के सदाबहार नायक के रूप में याद किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख ने कहा कि टीवी पर उनके निधन की खबर सुन कर मैं स्तब्ध रह गया। देवसाहब कॉलेज के दिनों से ही हमारे आदर्श होते थे। हम उनकी फिल्मों के प्रदर्शन की बेसब्री से प्रतीक्षा किया करते थे। युवा उनके स्टाइल और एक्शन से खिंचे रहते थे।

केंद्रीय मंत्री सुशीलकुमार शिंदे ने कहा कि जीवन और सिनेमा के प्रति देव आनंद का प्यार उनकी फिल्मों के जरिए जीवित बना रहेगा।

सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने सदाबहार अभिनेता देव आनंद के निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि फिल्म जगत ने सही मायने में एक जीनियस खो दिया है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि देवांनद फिल्म उद्योग और देश को भगवान की ओर से भेंट थे। वह अंतिम समय तक सक्रिय रहे और फिल्मों का निर्माण करते रहे। महाराष्ट्र के लोक निर्माण मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि उनके निधन से भारतीय सिनेमा को अपूरणीय क्षति हुई है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi