Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

'आप' कलह पर बोले संजय सिंह- केजरीवाल के खिलाफ साजिश

हमें फॉलो करें 'आप' कलह पर बोले संजय सिंह- केजरीवाल के खिलाफ साजिश
, सोमवार, 2 मार्च 2015 (12:39 IST)
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की अंदरूनी कलह पर पार्टी प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि संयोजक पद पर फैसला पार्टी की 4 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लिया जाएगा।  

उन्होंने योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को पीएसी से हटाए जाने के सवाल पर दोनों का नाम लिए बगैर कहा कि सभी बातों का फैसला राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में होगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग केजरीवाल के खिलाफ मुहिम चलाते रहे हैं। अनुशासन तोड़ने वालों पर कार्यवाही होगी।

संजय सिंह ने कहा कि चिट्ठी लीक की राजनीति से पार्टी की छवि बिगड़ी है। इस तरह की घटनाओं से पार्टी का मजाक बना है।

'आप' नेता संजय सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के बयान से कार्यकर्ताओं में निराशा फैलती है। 4 मार्च को राष्ट्रीय कार्यकारिणी (एनईसी) की बैठक में इस बाबत फैसला किया जाएगा।'

संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल के खिलाफ मुहिम सही नहीं है। वरिष्ठ नेताओं को पार्टी फोरम में अपनी बात रखनी चाहिए। चिट्ठी लीक किए जाने पर संजय सिंह ने कहा कि ये सब सही नहीं है। पार्टी लोगों के बीच मजाक बनती जा रही है। 'आप' की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 4 मार्च को होनी है।बैठक में पार्टी के 21 वोटिंग मेंबर शामिल होंगे।


उधर, योगेंद्र यादव ने इस पूरे विवाद को मनगढ़ंत करार दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह वक्त काम करने का है। योगेंद्र यादव ने कहा है कि ये वक़्त बड़ी जीत के बाद, बड़े मन से, बड़े काम करने का है। देश ने हमसे बड़ी उम्मीदें लगायी है। छोटी हरकतों से अपने को और इस आशा को छोटा न करें।

योगेंद्र यादव ने ट्वीट कर इस विवाद को मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'पिछले दो दिनों से प्रशांत जी और मेरे बारे में चल रही खबरों को सुन रहा हूं, पढ़ रहा हूं। नई-नई कहानियां गढ़ी जा रही हैं। आरोप मढ़े जा रहे हैं। षड़यंत्र खोजे जा रहे हैं। ये सब पढ़ कर हंसी भी आती है और दुख भी होता है। हंसी इसलिए आती हैं कि ये कहानियां इतनी मनगढ़ंत और बेतुकी हैं। लगता है कि कहानी गढ़ने वाले के पास वक्त कम होगा और कल्पना ज्यादा।'

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi