Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

लाभ के पद में फंसे 21 'आप' विधायक तुरंत इस्तीफा दें : अजय माकन

हमें फॉलो करें लाभ के पद में फंसे 21 'आप' विधायक तुरंत इस्तीफा दें : अजय माकन
नई दिल्ली , मंगलवार, 17 मई 2016 (23:06 IST)
नई दिल्ली। निगम उप चुनावों के नतीजों से उत्साहित कांग्रेस ने लाभ के पद मामले में फंसे आम आदमी पार्टी (आप) के 21 विधायकों के तुरंत इस्तीफे देने और इन सीटों पर उप चुनाव कराने की मांग की है। ऐसा नहीं किए जाने पर पार्टी ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
                      
निगम के तेरह वार्डों के उप चुनावों के आज आए नतीजों में दिल्ली की राजनीति में शानदार वापसी करते हुए कांग्रेस ने चार सीटें जीती हैं। भाटी से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीते राजेंद्र सिंह तंवर भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। इस प्रकार कांग्रेस पांच वार्डों पर विजयी हुई है। आप को भी पांच सीटें मिली हैं, जबकि तीनों निगमों पर काबिज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सिर्फ तीन सीट जीत पाई। 
                     
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने उप चुनावों में मिली जीत के लिए  पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि लाभ के पद के आरोपों में फंसे आप के 21 विधायकों को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और उन सीटों पर उप चुनाव कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन चलाएगी।
                     
गौरतलब है कि आप के 21 विधायकों को संसदीय सचिव बनाया गया था जिनके खिलाफ चुनाव आयोग ने लाभ के पद का हवाला देते हुए शिकायत की गई थी। आयोग ने इस मामले में इन विधायकों को नोटिस भेजा था जिसका उन्होंने जवाब दे दिया है और ऐसी उम्मीद है कि पांच राज्यों में विधानसभा  चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग इस पर कोई फैसला ले सकता है।
                      
माकन ने आयोग द्वारा विधायकों को लाभ के पद के मामले में भेजे नोटिस को गंभीर बताते हुए कहा कि आयोग निष्पक्ष संस्था है और उस पर अंगुली नहीं उठाई जा सकती। ये नोटिस केंद्र सरकार ने नहीं दिए हैं। 
 
कांग्रेस नेता ने कहा कि 2004-05 में जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को आयोग से लाभ के पद से संबंधित नोटिस मिला था तो उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और फिर चुनाव लड़कर सांसद बनी थीं। इसी प्रकार समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने भी ऐसे आरोपों पर इस्तीफा दे दिया था। (वार्ता)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पठानकोट हमला मामले में एनआईए टीम जा सकती है पाकिस्तान