Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मोदी सरकार का एक साल, क्या बोले अमित शाह...

हमें फॉलो करें मोदी सरकार का एक साल, क्या बोले अमित शाह...
नई दिल्ली , मंगलवार, 26 मई 2015 (10:32 IST)
नई दिल्ली। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को सक्रिय और दिखने वाली करार देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में देश को नीतिगत पंगुता से बाहर निकालने, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने, विश्वास की कमी को दूर करने और प्रधानमंत्री कार्यालय के सम्मान को बहाल करने का काम किया गया है।

 
राजग सरकार के एक वर्ष के कामकाज के दौरान उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि सरकार ने संघीय ढांचे को मजबूत करने और विदेश में भारत की स्थिति को बेहतर बनाने का काम किया है, साथ ही वह कालाधन वापस लाने और देश को तेज गति से विकास के पथ पर अग्रसर करने को प्रतिबद्ध है।
 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के विपरीत यह सरकार काम करती दिख रही है जबकि पिछली सरकार कहीं नहीं दिखती थी। हमने प्रधानमंत्री कार्यालय के सम्मान को भी बहाल किया है। सरकार नीतिगत पंगुता से बाहर आई है। विश्वास की कमी दूर हो गई है और दुनिया अब भारत की प्रगति को स्वीकार कर रही है।
 
उन्होंने कहा कि हम भ्रष्टाचार को समाप्त करने को प्रतिबद्ध थे और हमने भ्रष्टाचार मुक्त शासन प्रदान किया है। हमारे विरोधी भ्रष्टाचार का कोई भी आरोप लगा नहीं पाए। मैं समझता हूं कि यह इस सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है।
 
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कोयला और टूजी स्पेक्ट्रम घोटाले में ‘शून्य नुकसान’ की परिकल्पना पेश करने वाले नेताओं को जनता के समक्ष इसकी फिर से व्याख्या करने की चुनौती दी। भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि संप्रग सरकार ने झूठ को सच बनाकर पेश करने में महारथ हासिल की थी।
 
शाह ने यह भी कहा कि देश में जब भी कांग्रेस सरकार रही, देश की वृद्धि दर नीचे गिरी है लेकिन जब भाजपा सत्ता में आती है तब यह उपर उठती है।
 
उन्होंने सवाल किया कि आजादी के बाद से 60 वषरे के शासनकाल में कांग्रेस ने कालाधन पर लगाम लगाने के लिए क्या किया। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा कालाधन को वापस लाने के लिए कानूनी कदम उठाने को प्रतिबद्ध है।
 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि किसी को नहीं बख्शा जाएगा और इसलिए विदेशों में जमा बिना हिसाब के कालेधन के लिए इस सरकार ने नया कानून बनाया है। मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि अब से कोई धन इस देश से बाहर नहीं जाएगा।
 
शाह ने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो विदेशों में बिना हिसाब वाला धन जमा करने वालों के नाम जानना चाहते हैं और ऐसे लोगों को कालाधन सृजित करने वालों का वकील बताया क्योंकि नाम उजागर करने से अंतरराष्ट्रीय संधियों का उल्लंघन होगा।
 
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के तहत संघीय ढांचा मजबूत हुआ है और प्रधानमंत्री देश को ‘टीम इंडिया’ के माध्यम से प्रगति की दिशा में आगे ले जा रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत के अनेक राज्यों में भाजपा के सत्ता में नहीं होने के बावजूद हम अपने वादे के अनुरूप क्षेत्र के विकास के लिए काम कर रहे हैं। इससे देश के संघीय ढांचा और मजबूत बनेगा।
 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने टीम इंडिया का नया विचार पेश किया है जहां केंद्र और राज्य एक ही टीम का हिस्सा हों। आर्थिक मोर्चे पर सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए शाह ने कहा कि सत्ता में एक वर्ष रहने के बाद वृद्धि दर 5.7 प्रतिशत हो गई है।
 
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में आती है, वृद्धि दर नीचे आती है लेकिन जब भाजपा सत्ता में आती है तब यह बढ़ता है। इस संबंध में उन्होंने वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सरकार, संप्रग और वर्तमान सरकार के समय के आंकड़ों का जिक्र भी किया।
 
शाह ने दावा किया कि राजकोषीय घाटा नियंत्रण में है, कारोबार बढ़ा है, विदेशी मुदा्र भंडार 10 वषरे में सर्वोच्च है और कीमतों को नियंत्रण में लाया गया है।
 
पिछले एक वर्ष में गरीबी के संबंध में सरकार की ओर से उठाये गए कदमों का जिक्र करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनधन योजना के तहत 15 करोड़ लोगों, विशेष तौर पर गरीबों, के खाते खुले और उन्हें देश की वित्तीय व्यवस्था से जोड़ा गया। (भाषा)
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi