Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

दस्तरख्वान पर गुश्तबा, रोगन जोश, गलौटी कबाब

हमें फॉलो करें दस्तरख्वान पर गुश्तबा, रोगन जोश, गलौटी कबाब
नई दिल्ली , सोमवार, 26 जनवरी 2015 (00:31 IST)
नई दिल्ली। भारत के दौरे पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के सम्मान में रविवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य भोज में कश्मीर से लेकर पश्चिम बंगाल तक पूरे देश के लजीज व्यंजन परोसे गए।
रात्रिभोज के मेन्यू में कई मसालों से मिलकर बनने वाला कश्मीर घाटी का प्रसिद्ध मांसाहारी व्यंजन कश्मीरी मटन गुश्तबा और खुशबूदार रोगन जोश शामिल था, जिन्हें राष्ट्रपति भवन के रसोइयों ने खासतौर पर अमेरिकी अतिथियों के लिए तैयार किया था।
 
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल के सम्मान में आयोजित भोज में उन्हें लखनऊ का प्रसिद्ध गलौटी कबाब, लैंब रोस्टेड लेग, बंगाली विधि से तैयार की गई फिश करी और पंजाब का चिकन टिक्का परोसे गए।
 
शाकाहारी लोगों के लिए व्यंजनों की संख्या सीमित थी। उनके लिए केवल कढ़ी पकौड़ा, दाल और चावल थे। मीठे व्यंजन के तौर पर लोगों को बिहार का मालपुआ और उत्तर भारतीय मिष्ठान रबड़ी परोसे गए।
 
भोज के दौरान प्रसिद्ध अमेरिकी हिप हॉप ग्रुप ‘ब्लैक आईड पीज’ के गायक विल.आई.एम का अंग्रेजी गाना ‘यस वी कैन’ से लेकर रवींद्रनाथ टैगोर की लिखी कविता ‘एकला चलो रे’ की धुन बजती रही।
 
‘काविका’ समेत ओबामा के गृह प्रदेश हवाई के कई गाने, माइकल जैक्सन का प्रसिद्ध गाना ‘वी आर द वर्ल्ड’ और स्टीवी वंडर का ‘पार्ट टाइम लवर’ समेत हिन्दी और अंग्रेजी के कई गानों ने दोनों देशों के गणमान्य लोगों के लिए दिन भर की थकान के बाद माहौल को सुकून भरा बना दिया।
 
राष्ट्रपति के अलावा भोज में उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भाजपा के नेता लालकृष्ण आडवाणी एवं मुरली मनोहर जोशी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शामिल हुईं। इस मौके पर मौजूद दूसरे गणमान्य लोगों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस शामिल थे।
 
औद्योगिक समुदाय से भोज में रतन टाटा, मुकेश एवं अनिल अंबानी और गौतम अडानी शामिल हुए। रिजर्व बैंक के गर्वनर रघुराम राजन और नोबेल पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश सत्यार्थी भी वहां मौजूद थे।
 
वहीं पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने भोज में शामिल ना हो पाने के लिए अपनी ओर से खेद जताया। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi