Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सब कुछ लुटाकर होश में आए हैं मनमोहन-भाजपा

हमें फॉलो करें सब कुछ लुटाकर होश में आए हैं मनमोहन-भाजपा
नई दिल्ली , बुधवार, 27 मई 2015 (15:30 IST)
नई दिल्ली। भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश का सब कुछ लुटाने के बाद चारों तरफ से घिरने पर उन्होंने आत्मरक्षा में अपनी चुप्पी तोड़ी है।
 
भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि डॉ. सिंह आज चुप्पी तोड़ रहे हैं जब सब कुछ लुट चुका है। आज यह सच्चाई सबके सामने है कि उन्होंने अपने दस साल में शासनकाल में भ्रष्टाचार की अनदेखी की थी। जब देश टूजी, कोयला आवंटन और राष्ट्रमंडल खेल घोटालों के बारे में उनसे प्रश्न पूछ रहा था तो उनका जवाब था कि हजारों जवाबों से अच्छी है मेरी खामोशी।
 
पात्रा ने कहा, 'यह विडंबना है कि डॉ. सिंह ने तब चुप्पी तोड़ी है, जब सच्चाई देश के सामने आ चुकी है। जब संसद में टूजी, कोयला आवंटन और राष्ट्रमंडल खेल घोटालों पर चर्चा हो रही थी तो उन्होंने चुप्पी साधे रखी। डॉ.सिंह की कार्यप्रणाली पर कई पूर्व नौकरशाहों ने सवाल उठाए हैं और वह चारों तरफ से घिरे हुए हैं। यही वजह है कि उन्होंने आत्मरक्षा में चुप्पी तोड़ी है। अगर वह संसद में अपनी चुप्पी तोड़ते तो देश की सेवा होती।'
 
उन्होंने कहा कि मनमोहन ने दावा किया है कि उन्होंने अपने परिवार के लिए कोई आर्थिक लाभ नहीं लिया लेकिन क्या उन्होंने दस जनपथ को लाभ पहुंचाने के लिए अपने कार्यालय का इस्तेमाल नहीं किया। उनके साथ काम कर चुके कई पूर्व नौकरशाहों ने किताब लिखकर दावा किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी के बिना फाइलें आगे नहीं बढ़ती थीं।
 
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि डॉ. सिंह का यह दावा भी गलत है कि मोदी सरकार दूसरे मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार कभी भी अहम मुद्दा नहीं रहा और यही वजह है कि उसके शासनकाल में देश में 13 से 15 लाख हजार करोड़ रुपए की लूट हुई। कांग्रेस के लिए यह मुद्दा नहीं था लेकिन देश की जनता के लिए मुद्दा था और लोकसभा चुनाव के परिणाम में यह परिलक्षित होता है। (वार्ता)
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi