Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

योगी आदित्यनाथ संभालेंगे यूपी की कमान, कांग्रेस-भाजपा में तकरार

हमें फॉलो करें योगी आदित्यनाथ संभालेंगे यूपी की कमान, कांग्रेस-भाजपा में तकरार
नई दिल्ली , रविवार, 19 मार्च 2017 (08:22 IST)
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री हिंदुत्व समर्थक योगी आदित्यनाथ को चुने जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने कहा कि यह धर्मनिरपेक्षता पर सबसे बड़ा हमला है, हालांकि पार्टी की आधिकारिक प्रतिक्रिया में कहा गया कि पार्टी लोगों के हितों के प्रहरी के रूप में काम करेगी। वहीं, भाजपा योगी के साथ खड़ी नजर आई और इस बात पर जोर दिया कि वह विकास के पक्ष में हैं।
 
मोइली ने कहा कि यह देश में धर्मनिरपेक्षता पर एक बड़ा हमला है। हो सकता है, भाजपा या आरएसएस हिंदुत्व के अपने उद्देश्य का समर्थन करना पसंद करे। भारत हिंदुत्व नहीं है। हिंदुत्व भारत नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत का निर्माण जाति और धर्म से परे हुआ है तथा वसुधव कुटुंबकम हमारे धर्मनिरपेक्ष समाज की बुनियाद है। धर्मनिरपेक्षता पर हुआ यह अब तक का सबसे बड़ा हमला है।
 
कांग्रेस के संचार विभाग के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों के हितों की प्रहरी के रूप में काम करना जारी रखेगी और उप्र की प्रगति में एक रचनात्मक भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चुनने का विशेषाधिकार सत्तारूढ़ पार्टी में निहित है।
 
उन्होंने कहा कि किसी निष्कर्ष तक पहुंचने में बहुत अधिक देर करने और उप मुख्यमंत्री के दो पद सृजित करने की मजबूरी से यह भी जाहिर होता है कि 300 से अधिक विधायकों का समर्थन होने के बावजूद सत्ता साझेदारी के लिए संघर्ष हुआ।
 
हालांकि, गोरखपुर से पांच बार सांसद रहे 44 वर्षीय योगी की हिंदुत्व समर्थक कट्टर छवि से सहमति नहीं जताते हुए भाजपा प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, 'यह छवि मीडिया के पास हो सकती है लेकिन उन्हें बार बार चुना गया है। वह विकास के पक्ष में हैं और यही एजेंडा हमने पाया है तथा हम इस एजेंडा पर अडिग रहेंगे।'
 
भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा कि उनके तहत राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उप्र को उनके सक्षम नेतृत्व से काफी फायदा होगा और जल्द ही यह उत्तम प्रदेश बन जाएगा। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

उत्तरप्रदेश में योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह...