Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

फिल्म डायरेक्टर डी. रामानायडू कैंसर से हारे

हमें फॉलो करें फिल्म डायरेक्टर डी. रामानायडू कैंसर से हारे
हैदराबाद , बुधवार, 18 फ़रवरी 2015 (20:27 IST)
हैदराबाद। प्रख्यात बहुभाषी फिल्म निर्माता डी रामानायडू का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे।
'दादासाहेब फाल्के पुरस्कार' से सम्मानित रामानायडू कुछ माह से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके बेटे वेंकटेश ने बताया कि आज अपरान्ह करीब ढाई बजे उनके पिता ने अंतिम सांस ली।
 
‘रामुडू..भीमुडू’, ‘श्रीकृष्णा तुलाभरम’ और ‘प्रेमनगर’ जैसी फिल्मों से चर्चित रामानायडू का शव अंतिम दर्शन के लिए यहां रामानायडू स्टूडियो में कल सुबह नौ बजे से रखा जाएगा और अपरान्ह तीन बजे बाद अंतिम संस्कार होगा।
 
भारतीय सिनेमा में सर्वाधिक फिल्में बनाकर गिनीज बुक रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले रामानायडू ने कुछ समय के लिए राजनीति में भी शिरकत की, जब वह तेलुगू देशम के टिकट पर बाबाटा से 1999 में लोकसभा के लिए चुने गए।
 
1936 में तटीय आंध्र के प्रकाशम जिले में जन्में रामानायडू का फिल्मों के प्रति जुनून रहा है और 1963 में उनकी पहली फिल्म ‘अनुरागम’ आई। उन्हें दिवंगत एनटी रामाराव अभिनीत ‘रामुडू..भीमुडू ’ ने काफी शोहरत दिलाई।
 
उनकी निर्माण कम्पनी सुरेश प्रोडक्सन ने 15 विभिन्न भाषाओं में करीब 155 फिल्मों का निर्माण किया। उनकी प्रसिद्ध हिंदी फिल्मों में ‘प्रेमनगर’, ‘दिलदार’, ‘बंदिश’, ‘हम आपके दिल में रहते हैं’ और ‘प्रेम कैदी’ शामिल है। 50 साल के उनके फिल्मी कॅरियर में कई जाने माने सितारों ने उनकी फिल्म में काम किया।
 
पद्मभूषण सहित कई पुरस्कार उनके खाते में हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, केन्द्रीय मंत्री एम वैंकया नायडू तथा कई अन्य नेताओं एवं फिल्मी हस्तियों ने उनके निधन पर दु:ख प्रकट किया। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi