Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

हज भगदड़ : मृत भारतीयों की संख्या 100 के पार

हमें फॉलो करें हज भगदड़ : मृत भारतीयों की संख्या 100 के पार
, शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2015 (10:59 IST)
नई दिल्ली। पिछले माह हज के दौरान मची भगदड़ में मारे गए भारतीयों की संख्या बढ़कर 101 हो गई है। दूसरी तरफ 32 भारतीय अभी भी लापता हैं।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्विटर पर कहा, ‘सऊदी प्रशासन ने हज भगदड़ में मारे गए और अधिक हाजियों की पहचान की है। मृतक भारतीयों की संख्या अब 101 है। 32 लोग अभी लापता हैं।’ विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने गुरुवार को कहा था कि विदेश राज्य मंत्री वी के सिंह सउदी अधिकारियों द्वारा लापता भारतीयों की पहचान करने की प्रक्रिया के लिए सउदी अरब में मौजूद हैं।
 
उन्होंने कहा था, ‘मंत्री ने सभी भारतीय हाजियों की पहचान करने के लिए सउदी के स्वास्थ्य मंत्री के हस्तक्षेप की मांग की थी। उन्होंने भारतीय मिशन के पास अभी भी लंबित पड़े लापता लोगों के कई मामलों की जानकारी भी आगे पहुंचाई। ये मामले तभी पूरे हो सकते हैं, जब पहचान की प्रक्रिया पूरी हो जाए। सिंह को सउदी के मंत्री ने हर सहयोग का आश्वासन दिया है।’
 
बीते 24 सितंबर को हज के दौरान उस समय भगदड़ मच गई थी, जब हाजियों की दो बड़ी कतारें एक दूसरे के सामने आ गई थीं। यह घटना मिना में पांच मंजिला जमारात सेतु के पास शैतान को कंकड़ मारने की रस्म के दौरान हुई थी। 
 
इस साल की हज यात्रा के दौरान हुई यह दूसरी बड़ी दुर्घटना थी। 11 सितंबर को मक्का की बड़ी मस्जिद में निर्माण कार्य में लगी एक क्रेन गिर जाने पर 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे, जिनमें 11 भारतीय थे। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi