Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

यमन से 350 भारतीयों को सुरक्षित निकाला

हमें फॉलो करें यमन से 350 भारतीयों को सुरक्षित निकाला
नई दिल्ली , बुधवार, 1 अप्रैल 2015 (08:28 IST)
नई दिल्ली। युद्धग्रस्त यमन के अदन शहर से भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सुमित्रा पर करीब 350 भारतीयों को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। यह जहाज इन लोगों को यमन के पड़ोसी देश जिबूती लेकर रवाना हुआ। 
 
यमन में बढ़ती हिंसा के बीच अंधेरी रात में इस अभियान को अंजाम दिया गया।  

इससे पहले भारत को मंगलवार रात अदन से करीब 400 भारतीयों को निकालने के लिए अदन पत्तन पर अपना जहाज खड़ा करने की मंजूरी मिल गई थी। सरकार ने संघर्ष प्रभावित यमन में फंसे 4000 से अधिक भारतीयों को निकालने के लिए बड़ा हवाई और समुद्री अभियान छेड़ा है।
 
दो यात्री जहाजों के अलावा दो युद्धपोतों को सेवा में लगाया गया वहीं भारतीय वायु सेना ने दो सी-17 ग्लोबमास्टर परिवहन विमान को किसी भी स्थिति के लिए तैयार रखा है।
 
एयर इंडिया ने यमन की राजधानी सना से भारतीयों को जिबूती पहुंचाने के लिए मस्कट में 180 सीट वाले दो एयरबस ए320 विमानों को तैयार रखा है। संबंधित अधिकारियों की मंजूरी मिलते ही इस दिशा में कदम उठाया जाएगा।
 
रक्षा सूत्रों के अनुसार आईएनएस सुमित्रा के अलावा भारतीय नौसेना के दो विध्वंसक पोत आईएनएस मुंबई और रडार की पहुंच से बाहर रहने वाला आईएनएस तर्कश शनिवार तक यमन पहुंचेंगे। कवारती और कोरल नाम के दो व्यापारी जहाज भी रवाना किए गए हैं।
 
चारों जहाज दो अप्रैल को अरब सागर में मिलेंगे और एक साथ जिबूती की तरफ बढ़ेंगे।
 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi