Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

जम्मू-कश्मीर में 25 नवंबर से विधानसभा चुनाव

हमें फॉलो करें जम्मू-कश्मीर में 25 नवंबर से विधानसभा चुनाव
नई दिल्ली , शनिवार, 25 अक्टूबर 2014 (19:34 IST)
-सुनील जैन
 
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में बाढ़ की आपदा की वजह से  आसन्न विधानसभा चुनाव को लेकर व्याप्त अनिश्चितता  को विराम देते हुए चुनाव आयोग ने शनिवार को राज्य में 25 नवंबर से पांच चरणों में चुनाव  कराए जाने का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही आयोग ने झारखंड और दिल्ली की तीन विधानसभा सीटों पर भी 25 नवंबर को चुनाव कराए जाने की घोषणा कर दी। 
 
वोटों की गिनती तीनों जगह एक साथ 23 दिसंबर को होगी। चुनाव आयोग के इस ऐलान के साथ ही साफ हो गया कि अब दिल्ली में विधानसभा भंग करके दोबारा चुनाव की संभावना नहीं बची है। जम्मू-कश्मीर तथा झारखंड राज्यों में 25 नवंबर से पांच चरणों में चुनाव होंगे। चुनाव 25 नवंबर, 2 दिसंबर, 9 दिसंबर, 14 दिसंबर और 20 दिसंबर को होंगे। इसके साथ ही दिल्ली की तीन विधानसभा सीटों पर 25 नवंबर को उपचुनाव कराए जाएंगे। ये जगह हैं, महरोली, कृष्णानगर तथा तुगलकाबाद। 
 
झारखंड में 81 सीटों और जम्मू-कश्मीर की 87 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। चुनावों का परिणाम 23 दिसंबर को  किया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने दोनों राज्यों में होने वाले चुनावों के कार्यक्रमों का आज यहा एक संवाददाता सम्मेलन में ऐलान किया। तारीखों का ऐलान होने के साथ ही दोनों राज्यों में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई और सभी नीतिगत फैसलों पर रोक लग गई है। जम्मू और कश्मीर विधानसभा का कार्यकाल छह साल का होता है। 
 
जम्मू-कश्मीर विधानसभा का कार्यकाल 9 जनवरी को समाप्त हो रहा है और इससे पहले राज्य में नई सरकार का गठन जरूरी है। गौरतलब है कि राज्य में पिछले विधानसभा के चुनाव 7 चरणों में हुए थे। बीजेपी के केंद्र की सत्ता में आने के बाद जम्मू और कश्मीर का विधानसभा का चुनाव काफी अहम हो गया है। जम्मू-कश्मीर में सत्ताधारी पार्टी को लोकसभा चुनाव में बड़ी हार का सामना करना पड़ा था।
 
प्रेक्षकों की नजर इस बात पर रहेगी क्या जम्मू और कश्मीर में भी मोदी का जादू चलेगा? महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा को मिली जीत से घबराई जम्मू-कश्मीर की क्षेत्रीय पार्टियों ने फिलहाल चुनाव कराए जाने का विरोध किया है। कश्मीर की नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी ने विरोध जताते हुए कहा है कि राज्य में चुनाव कराने का यह सही समय नहीं है, जबकि दिलचस्प बात यह है कि हरियाणा और महाराष्ट्र में मिली जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी दोनों राज्यों के चुनावों का इंतजार कर रही थी। 
 
झारखंड में अभी झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है, जबकि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। जम्मू और कश्मीर में विधानसभा की 87 सीटें हैं। पिछले विधानसभा चुनावों में नेशनल कॉन्‍फ्रेंस ने 28, कांग्रेस ने 17, पीडीपी ने 21,  बीजेपी ने 11 सीटें जीतीं थीं, जबकि बाकी सीटें अन्य छोटे दलों के खाते में गई थीं। 
 
झारखंड विधानसभा का कार्यकाल अगले साल तीन जनवरी में समाप्त हो रहा है। पिछले चुनाव में झारखंड में विधानसभा चुनाव 5 चरणों में हुए थे। 81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा के चुनाव भी काफी अहम माने जा रहे हैं। चुनाव पंडितों के मुताबिक भाजपा का पलड़ा झारखंड में भारी है। (वीएनआई)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi