Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

गर्मी का कहर: पारा हुआ 51 पार, जानिए कब आएगा मानसून...

हमें फॉलो करें गर्मी  का कहर: पारा हुआ 51 पार, जानिए कब आएगा मानसून...
, शुक्रवार, 20 मई 2016 (17:00 IST)
मई में इस साल गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। इस समय देश के उत्तरी हिस्से में झुलसा देने वाली गर्मी और तीखी होती जा रही है। राजस्थान के फलौदी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 51 डिग्री रिकार्ड किया गया। गुजरात के अहमदाबाद में तापमान ने सौ वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली में भी गर्मी का कहर जारी है और यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। शहर में न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। मध्यप्रदेश भी इस समय भट्टी जैसा तप रहा है भोपाल, इंदौर में तापमान 44 डिग्री पार कर गया और लू से जन-जीवन प्रभावित हुआ है। 

उत्तरप्रदेश में प्रचंड गर्मी : प्रचंड गर्मी के प्रकोप से जूझते उत्तरप्रदेश के कुछ स्थानों पर अगले 24 घंटे में बारिश की बूंदे राहत बनकर बरस सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम आमतौर पर सूखा रहा। 
 
इस दौरान इलाहाबाद, मेरठ, फैजाबाद, कानपुर और लखनऊ मंडलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इस अवधि में झांसी, आगरा एवं मुरादाबाद मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहा। इस दौरान जालौन राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां दिन का अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
 
अगले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर आंधी आने और बारिश होने अथवा गरज चमक के साथ बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इस दौरान पश्चिमी उत्तरप्रदेश में मौसम आमतौर पर खुश्क रहने के आसार हैं।
अहमदाबाद में अधिकतम तापमान ने 48 डिग्री को छू लिया। मौसम केंद्र के निदेशक जयंत सरकार के अनुसार 'शहर के आंकड़े के मुताबिक, 27 मई 1916 को शहर का तापमान 47.8 डिग्री दर्ज किया गया था।' लू की चपेट में आने से गुरुवार को एक आदमी की मौत हो गई। इस गर्मी में लू से मरने वालों की संख्या चार हो गई है।
 
वहीं मौसम विभाग ने रोनू तूफान से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकारियों ने बताया है कि मंगलवार की रात से त्रिपुरा के धरमनगर में हुई चक्रवाती वर्षा के बाद करीब 4000 लोग बेघर हो गए हैं।  असम-अगरतला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल जमाव के कारण राज्य देश के शेष हिस्सों से कट गया है। मौसम विभाग ने रोनू तूफान को लेकर आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा के लिए अलर्ट जारी किया है। यह तूफान 21 मई और 22 मई की मध्य रात्रि में बांग्लादेश पहुंच सकता है।
 
भोपाल में गर्मी से सारे रिकॉर्ड तोड़े : झीलों की नगरी एवं मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और आजादी के बाद पहली बार पारा 46.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। यह सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है।
 
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान भोपाल केन्द्र के वैज्ञानिक एस.के.डे. ने को बताया कि मौसम विभाग के पास अब तक के उपलब्ध आंकडों के अनुसार भोपाल में आज पहली बार पारा 46.7 डिग्री पर पहुंचा है। यह न्यूनतम तापमान भी 30.2 रहा। यह भी सामान्य से चार डिग्री अधिक है।
 
भारत सरकार की नेपानगर पेपर मिल के प्रबंधन के अनुसार नेपानगर में अधिकतम तापमान 49 रिकार्ड किया गया है। बुरहानपुर में 47 है जहां एक डंपर चालक की लू की चपेट में आने से मौत हो गई।
कहां तक पहुंचा मानसून, कब मिलेगी गरमी से राहत... 

दक्षिण पश्चिम मानसून ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह पर सामान्य तारीख से दो दिनों पहले ही दस्तक दे दी है। लेकिन बंगाल की खाड़ी में पैदा हुए चक्रवात की प्रगति कमजोर पड़ने से केरल में मानसून के पहुंचने में देरी हो सकती है। भारत मौसम विभाग के निदेशक लक्ष्मण सिंह राठौर ने गुरुवार को कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून के 48 घंटों में आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हैं। 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कन्नूर में माकपा और भाजपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत