Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारत बने मध्यस्थता कानून का वैश्विक केंद्र : मोदी

हमें फॉलो करें भारत बने मध्यस्थता कानून का वैश्विक केंद्र : मोदी
, रविवार, 23 अक्टूबर 2016 (17:22 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने देश में जटिल कानूनी प्रक्रिया के सरलीकरण, अप्रासंगिक कानूनों को समाप्त करने और मध्यस्थता कानून को सदृढ़ बनाने की ठोस पहल की है और अब भारत को मध्यस्थता कानून के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता है।
         
मोदी ने मध्यस्थता तथा व्यवहार पंचाट को सुदृढ़ बनाने के लिए राष्ट्रीय पहल विषय पर देश में मध्यस्थता तथा व्यवहार कानून को मजबूत बनाने के लिए पहले वैश्विक सम्मेलन को संबोधित करते हुए विशेषज्ञों से अनुरोध किया कि मध्यस्थता कानून को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुदृढ़ता प्रदान की जानी चाहिए, ताकि भारत को मध्यस्थता के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
         
उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति के लिए इस कानून का अंतरराष्ट्रीय स्तर का होना आवश्यक है। कानूनी जटिलता को दूर करके समस्याओं के समाधान के लिए मध्यस्थता और सुलह के साथ ही अन्य वैकल्पिक समाधान पर ध्यान देने की जरूरत है ताकि निवेशकों और व्यावसायियों को अतिरिक्त सुविधा दी जा सके ताकि देश की अदालतों पर लगातार बढ़ रहे बोझ को कम किया जा सके।
         
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने हाल में अनुपयोगी बन चुके एक हजार से अधिक निष्प्रभावी कानूनों को समाप्त किया है। इसका मकसद देश में कारोबार को आसान बनाना तथा वैश्विक निवेश को आकर्षित करना था। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज संपन्न इस सम्मेलन से मध्यस्थता पंचाट को मजबूत बनाने तथा भारत को वैश्विक स्तर पर मध्यस्थता का केंद्र बनाने की स्थिति में लाने में मदद मिलेगी।
 
मोदी ने उम्मीद जताई  है कि दो दिन तक चला यह सम्मेलन मध्यस्थता कानून को भारत में प्रभावी बनाने की राह में  मील का पत्थर साबित होगा। इस सम्मेलन के जो निष्कर्ष निकलेंगे उम्मीद है कि उससे वैश्विक स्तर पर इस क्षेत्र में काम करने वाले कानूनी विशेषज्ञों और कॉर्पोरेट घरानों का ध्यान भारत की तरफ आकर्षित किया जा सकेगा।
         
उन्होंने कहा कि भारत का कानून अंतरराष्ट्रीय व्यापार कानून पर संयुक्त राष्ट्र के आयुक्त द्वारा अनुमोदित कानून के आधार पर है। हाल के दिनों में उनकी सरकार ने इस दिशा में महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। सरकार की प्राथमिकता मध्यस्थता तथा सुलह जैसे कानूनों के जरिए सभी तरह के कारोबारी विवादों का समाधान निकालना है। मध्यस्थता के जरिए विवादों का समाधान बहुत आसानी से हो सकता है और इसमें संभावनाएं भी व्यापक हैं लेकिन इसे ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए अब ठोस प्रयास नहीं हुए हैं। 
        
उन्होंने कहा कि कारोबारी किसी भी तरह के व्यवधानों का समाधान शीघ्र चाहता है और भारतीय बाजार में आने वाले अंतरराष्ट्रीय कारोबारियों को भी इसी तरह की उम्मीद है। इस स्थिति में उन्हें यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि उनके विवादों का समाधान एक निश्चित अवधि में किया जा सके। (वार्ता)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

भारत-न्यूजीलैंड मैच से जुड़ी हर जानकारी...