Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

उत्तर भारत के कुछ इलाकों में बारिश-बर्फबारी

हमें फॉलो करें उत्तर भारत के कुछ इलाकों में बारिश-बर्फबारी
नई दिल्ली , रविवार, 7 फ़रवरी 2016 (23:56 IST)
नई दिल्ली। उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश और हिमपात हुआ जिसके चलते रविवार को तापमान में गिरावट देखी गई।
दिल्ली में रविवार को बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। राष्ट्रीय राजधानी में आज न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ऊपर यानी 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं अधिकतम तापमान सामान्य बना रहा और यह 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में आज 0.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
 
शिमला और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम का पहला हिमपात देखा गया वहीं हिमाचल प्रदेश के अन्य आदिवासी क्षेत्रों एवं अन्य पर्वतीय इलाकों में भी सवेरे से लगातार भारी बर्फबारी दर्ज की गई।
 
शिमला में 18 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया जबकि कुफरी, फागू, नरकंडा, खारापत्थर चोपाल, हरिपुरधर और नौराधर में 20 से 35 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया। इसके अलावा कुछ इलाकों में 45 सेंटीमीटर हिमपात भी दर्ज किया गया।
 
उत्तराखंड के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में भी बर्फबारी हुई। इनमें बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री जैसे पर्यटन स्थल शामिल हैं। राजधानी देहरादून में तापमान में कल के मुकाबले 10 डिग्री की कमी दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
इसी के साथ जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के अधिकारी ने श्रीनगर में बताया कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश दर्ज की गई।
 
उन्होंने बताया कि जवाहर सुरंग और पतनीटॉप के पास ताजा हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। राज्य के भदरवाह और डोडा में मौसम का पहला हिमपात दर्ज किया गया। (भाषा) 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi