Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

लोकसभा में राजनाथ ही होंगे उपनेता, राज्यसभा में गहलोत बने नेता

हमें फॉलो करें लोकसभा में राजनाथ ही होंगे उपनेता, राज्यसभा में गहलोत बने नेता
, बुधवार, 12 जून 2019 (18:24 IST)
नई दिल्ली। 17वीं लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रधानममंत्री नरेन्द्र मोदी और उपनेता रक्षामंत्री राजनाथ सिंह होंगे जबकि राज्यसभा में अरुण जेटली की जगह थावरचंद गहलोत को सदन का नेता नियुक्त किया गया है।
 
भाजपा संसदीय दल कार्यालय द्वारा बुधवार को यहां जारी संसदीय दल की कार्यकारिणी की सूची में गृहमंत्री अमित शाह का नाम मोदी के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में दूसरे स्थान पर रखा गया है।
 
भाजपा संसदीय दल कार्यालय के सचिव सी. बालसुब्रह्यमण्यम ने यहां बताया कि मोदी और शाह के निर्देशन में भाजपा संसदीय दल की कार्यकारिणी का गठन मंगलवार को किया गया। रक्षामंत्री सिंह को लोकसभा में भाजपा का उपनेता बनाया गया है और वे सदन में मोदी के बाद नंबर 2 की हैसियत में होंगे। राज्यसभा में सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत को सदन का नेता तथा रेल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को उपनेता बनाया गया है।
 
सरकार का मुख्य सचेतक संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी को बनाया गया है। लोकसभा में सरकार के उप मुख्य सचेतक संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल होंगे जबकि राज्यसभा में उप मुख्य सचेतक संसदीय कार्य राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन होंगे। लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल और राज्यसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक नारायणलाल पंचारिया होंगे।
 
भाजपा संसदीय दल के सचिव पद पर लोकसभा में गणेश सिंह और राज्यसभा में भूपेन्द्र यादव को नियुक्त किया गया है। गोपाल शेट्टी को संसदीय दल का कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
 
लोकसभा में भाजपा ने 18 सांसदों को सचेतक बनाया है जिनमें प्रतिमा भौमिक, सुनील सिंह, प्रवेश वर्मा, किरीट भाई सोलंकी, जुगलकिशोर शर्मा, नलिन कुमार कतील, सुधीर गुप्ता, संतोष पांडे, केएम पाटिल, सुरेश पुजारी, कनकमल कटारा, अजय मिश्रा, भानुप्रताप सिंह वर्मा, पंकज चौधरी, खगेन मुर्मू, रंजनाबेन भट्ट, शोभा करंदलाजे और लॉकेट चटर्जी शामिल हैं।
 
राज्यसभा में भाजपा ने 6 सचेतक बनाए हैं जिनमें अमर शंकर साबले, शमशेर सिंह मनहास, श्वेत मलिक, चुन्नीभाई गोहेल, अजय प्रताप सिंह और अशोक वाजपेयी शामिल हैं।
 
लोकसभा में कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में नितिन गडकरी, रविशंकर प्रसाद, अर्जुन मुंडा, नरेन्द्र सिंह तोमर, स्मृति ईरानी और जोएल उरांव तथा राज्यसभा में जेपी नड्डा, ओमप्रकाश माथुर, निर्मला सीतारमण, धर्मेन्द्र प्रधान और प्रकाश जावड़ेकर को शामिल किया गया है। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

शेयर बाजार की तेजी पर लगा ब्रेक, सेंसेक्स 194 अंक और निफ्टी 59 अंक नीचे