Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

आस्कर हो रहमान का अगला मुकाम

भारतीय संगीत उद्योग ने दी शुभकामनाएँ

हमें फॉलो करें आस्कर हो रहमान का अगला मुकाम
नई दिल्ली (भाषा) , सोमवार, 12 जनवरी 2009 (19:04 IST)
भारत के संगीत उद्योग की राय है कि संगीतकार अल्लाह रक्खा रहमान के गोल्डन ग्लोब पुरस्कार जीतने के बाद उनका अगला मुकाम ऑस्कर होना चाहिए। संगीत निर्देशकों का कहना है कि ब्रिटेन के निर्देशक डैनी बोयले की स्लमडॉग मिलियनेयर के गीत 'जय हो' के लिए पुरस्कार जीतने के बाद रहमान के लिए ऑस्कर अब अधिक संभाव्य हो गया है।

यह पहला मौका है जब किसी भारतीय ने गोल्डन ग्लोब पुरस्कार जीता है। हालाँकि पूर्व में यह पुरस्कार जीत चुके सभी संगीतकार ऑस्कर नहीं जीते हैं, पर संगीत उद्योग मद्रास के मोजार्ट की जीत को लेकर आशान्वित है।

शंकर एहसान लाय की संगीतकारों की तिकड़ी के शंकर महादेवन ने कहा कि संगीत उद्योग में आने के लिए रहमान उनके लिए प्रेरणा थे।

उन्होंने कहा रोजा देखने के बाद मैंने संगीतकार बनने का विचार किया। वे उद्योग के लिए क्रांति हैं और गानों को संगीतबद्ध करने की शैली में बदलाव लेकर आए हैं। मैंने फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के गाने सुने हैं और वे काफी अच्छे हैं। मेरा पंसदीदा गाना 'जय हो' है।

महादेवन ने कहा कि वे यहीं नहीं रुकेंगे। मुझे यकीन है कि वे ऑस्कर भी जीतेंगे। मैं हमेशा जानता था कि सिर्फ रहमान ही ऐसा कर सकते हैं। उन्होंने देश को गौरवान्वित महसूस कराया है और वे विश्व में भारतीय संगीत को शीर्ष पर ले गए हैं। यहाँ से भविष्य अच्छा दिखाई देता है और अकेले रहमान पर इसका जिम्मा है। वे श्रेष्ठ हैं।

जानी-मानी गायिका आशा भोंसले ने कहा कि यह अच्छी खबर सुनने के बाद मैंने तुरंत उनके सहायक के जरिये उन्हें बधाई दी। यह गर्व का विषय है कि एक भारतीय ने ऐसा कर दिखाया है। मैंने पूर्व में दो अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं, पर किसी ने भी उनकी परवाह नहीं की लेकिन इससे निश्चित तौर पर असर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि उनके सर्वकालिक पसंदीदा आरडी बर्मन रहेंगे और वर्तमान में एआर रहमान श्रेष्ठ संगीतकारों में से एक हैं। संगीत की उनकी शैली काफी अनूठी और दूसरों से अलग है। वे शास्त्रीय संगीत काफी अच्छी तरह समझते हैं। मेरे विचार से शंकर एहसान लाय और प्रीतम में भी बहुत क्षमता है।

फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' गरीब बस्ती में रहने वाले एक लड़के की कहानी पर आधारित है, जो एक चर्चित रियलिटी गेम शो में दो करोड़ रुपए जीतता है। फिल्म ने लॉस एंजिल्स के बेवरली हिल्स में हुए 66वें गोल्डन ग्लोब पुरस्कारों में श्रेष्ठ फिल्म श्रेष्ठ निर्देशन (डैनी बोयले), श्रेष्ठ स्क्रीन प्ले (सिमान ब्यूफाय) और श्रेष्ठ मूल संगीत रचना (एआर रहमान) का पुरस्कार जीता है।

रहमान के साथ काम कर चुकीं गायिका वसुंधरा दास भी उनके ऑस्कर में जीतने को लेकर आशान्वित हैं। वे कहती हैं उनकी स्वर रचनाओं को देखिए। क्षेत्रीय से लेकर ठेठ बॉलीवुड या पश्चिमी संगीत तक उन्होंने सभी में काम किया है। वे सभी तरह के संगीत के उस्ताद हैं।
ऑस्कर के लिए मेरी शुभकामनाएँ उनके साथ हैं। चार बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके रहमान पद्मश्री से भी सम्मानित किए जा चुके हैं।

वरिष्ठ गायिका शुभा मुद्‍गल ने कहा कि फिल्म की सफलता बहुत-सी मार्केटिंग और साथ ही उसके संगीत पर भी निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि मैं बेहद खुश हूँ कि रहमान को पुरस्कार मिला।

देश में बहुत से विचार आने के साथ ही भारतीय फिल्मों की पहुँच भी बड़ी हो रही है। हालाँकि अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य में अपनी मौजूदगी महसूस कराने के लिए फिल्म की मार्केटिंग अच्छी होनी चाहिए। मैंने अब तक उनके साथ काम नहीं किया है, पर मेरे विचार से वे इसके हकदार हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi