Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

पंजाब में अमरिंदर ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

हमें फॉलो करें पंजाब में अमरिंदर ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
चंडीगढ़ , गुरुवार, 16 मार्च 2017 (10:15 IST)
चंडीगढ़। कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दिलाने के बाद अमरिंदर सिंह ने गुरुवार को पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 75 वर्षीय अमरिंदर को राज्य के 26वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। उनके साथ नवजोत सिंह सिद्धू समेत नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली।
 
 
 
इस प्रकार की अटकलें लगाई जा रही थीं कि क्रिकेटर से नेता बने सिद्धू को उप मुख्यमंत्री का पदभार सौंपा जाएगा लेकिन आज शपथ ग्रहण करने वाले नौ मंत्रियों की सूची में वह तीसरे क्रम पर थे।
 
इस समारोह में दो राज्य मंत्रियों को शपथ ग्रहण कराई। दोनों राज्य मंत्री महिलाएं हैं। इस समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई हस्तियों ने शिरकत की। समारोह यहां राजभवन में आयोजित किया गया और राज्यपाल वी पी सिंह बदनौर ने शपथ ग्रहण कराई।
 
सिद्धू के अलावा ब्रह्म महिंद्रा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे मनप्रीत सिंह बादल, साधु सिंह धरमसोत, तृप्त राजेंद्र सिंह बाजवा, राणा गुरजीत सिंह सोढी और चरणजीत सिंह चन्नी ने शपथ ग्रहण की।
 
दो महिला विधायकों अरूणा चौधरी और रजिया सुल्ताना को राज्य मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ग्रहण कराई गई। कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि राज्य कैबिनेट का विस्तार बाद में किया जाएगा। राज्य में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 18 मंत्री हो सकते हैं। कांग्रेस के विधानसभा में 77 विधायक हैं।
 
अमरिंदर ने घोषणा की थी कि राज्य में वित्तीय संकट को देखते हुए शपथ ग्रहण समारोह सादा रहेगा। अमरिंदर दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं।
 
पार्टी उपाध्यक्ष के अलावा आनंद शर्मा, भूपिंदर सिंह हुड्डा, अजय माकन, सचिन पायलट, प्रताप सिंह बाजवा समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता इस समारोह में शामिल हुए। अमरिंदर की पत्नी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर और उनके परिजन भी इस अवसर पर मौजूद थे।
 
कांग्रेस ने अमरिंदर के नेतृत्व में 117 सदस्यीय विधान सभा में से 77 सीटों पर जीत हासिल की। शिअद-भाजपा गठबंधन मात्र 18 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। आम आदमी पार्टी को 20 सीटों पर जीत मिली और दो सीटें उसकी सहयोगी लोक इंसाफ पार्टी के खाते में गईं। (भाषा) 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

गोवा में पर्रिकर सरकार का शक्ति परीक्षण...