Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

अखलाक के परिवार को पूरी सुरक्षा दी जाएगी : अखिलेश

हमें फॉलो करें अखलाक के परिवार को पूरी सुरक्षा दी जाएगी : अखिलेश
लखनऊ , रविवार, 4 अक्टूबर 2015 (13:23 IST)
लखनऊ। गोमांस खाने की अफवाह को लेकर नोएडा के समीप स्थित दादरी में भीड़ द्वारा पीट- पीटकर मारे गए अखलाक का पीड़ित परिवार आज दोपहर में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिला। अखिलेश ने आश्वस्त किया कि सरकार द्वारा उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी।
पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलेगा : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मैं आज अखलाक के परिवार से मिला हूं। दु:ख की घड़ी में हम उनके साथ हैं, जिन्होंने परिवार का सदस्य खोया है, उसे तो कोई लौटाया नहीं जा सकता। मैंने परिवार को भरोसा दिलाया है कि उन्हें इंसाफ मिलेगा। इस मामले में जो भी दोषी हैं, उन्हें कानून के तहत सजा दिलाई जाएगी।
 
गाय काटने वाला है अखलाक का परिवार : मुजफ्फरनगर दंगे के आरोपी और यहीं से विधायक चुने गए संगीत सोम ने आज एक बार फिर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि उप्र सरकार ने परिवार को हवाई जहाज से बुलवाया है। सरकार गाय काटने वाले परिवार को विमान से अपने यहां बुलाती है। मैं आज दादरी में अखलाक के परिवार से मिलने गया था, लेकिन वहां पर मुझे कोई नहीं मिला।
 
जुल्म को बर्दाश्त नहीं करेगी भाजपा : सोम ने कहा कि दादरी में पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है। महिलाओं पर लाठियां भांजी जा रही हैं और निर्दोष लोगों को थाने में बंद किया जा रहा है। यहां समाजवादी पार्टी हमेशा भाजपा को निशाना बनाती आई है। भाजपा कार्यकर्ता संजय राणा के बेटे को गिरफ्तार किया गया है। भाजपा यहां हो रहे जुल्म को बर्दाश्त नहीं करेगी।
 
सोम ने अखिलेश पर अंधविश्वासी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें डर है कि जो मुख्यमंत्री एक बार नोएडा जाता है, दोबारा वह मुख्यमंत्री नहीं बनता। इसी कारण वे दादरी नहीं आए और अखलाक के परिवार को लखनऊ बुला लिया। 
 
मुसलमान मरता है तो 20 लाख, हिन्दू के लिए 20 हजार नहीं : इसी बीच भाजपा सांसद साक्षी महाराज भी उप्र सरकार पर बरसे। साक्षी महाराज ने कहा कि मुसलमान मरता है तो 20 लाख दिए जाते हैं, हिन्दू के मरने पर 20 हजार भी नहीं दिए जाते हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। (वेबदुनिया न्यूज)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi